गुजरात में आम आदमी पार्टी को एक और झटका, छह पार्षदों ने झाड़ू छोड़ कमल उठाया

सूरत : गुजरात की राजनीति में अपने पैर जमाने की कोशिश कर रही आम आदमी पार्टी को शुक्रवार को बड़ा झटका लगा। दरअसल आप के छह पार्षदों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इससे पहले बीते साल भी चार पार्षदों ने भाजपा का दामन थाम लिया था। गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी की मौजूदगी में आप के छह पार्षदों ने भाजपा का हाथ थाम लिया।

इन पार्षदों ने ली भाजपा की सदस्यता

जिन पार्षदों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, उनमें स्वाति क्यादा, निराली पटेल, धर्मेंद्र वावलिया, अशोक धामी, किरण खोखानी और घनश्याम मकवाना शामिल हैं। इससे पहले आम आदमी पार्टी के चार पार्षदों रीता खैनी, ज्योति लाठिया, भावना सोलंकी और विपुल मोवालिया भी भाजपा में शामिल हो गए थे। साल 2021 में हुए गुजरात निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी ने सभी को चौंकाते हुए सूरत नगर निगम में 27 सीटों पर कब्जा किया था।

120 सीटों वाले सूरत नगर निगम में भाजपा ने 93 सीटों पर जीत हासिल की थी और कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल पाया था। अब आम आदमी पार्टी के 10 पार्षदों के भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा के सदस्यों की संख्या बढ़कर 103 हो गई है। बीते साल हुए विधानसभा चुनाव में भी आम आदमी पार्टी की शुरुआत बेहतर हुई थी। आप ने विधानसभा की पांच सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि आप के मुख्यमंत्री पद के चेहरे इसुदान गढ़वी और प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया चुनाव हार गए थे। वहीं भाजपा ने 182 सीटों में से 156 पर रिकॉर्ड जीत हासिल की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds