कर्ज में डूबे किसान की आत्महत्या मामला, सांसद ने छह गांव के लोगों के साथ कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

राजनांदगांव : जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र के तहत मेढा़ सोसाइटी प्रबंधक द्वारा किसानों के नाम पर कर्ज निकालने का मामला सामने आया है, वहीं कर्ज के बोझ तले दबे किसान पुत्र ने 9 अप्रैल को आत्महत्या कर ली थी। जिसके बाद राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय आज छह गांव के लोगों के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में जांच की मांग की।
किसान पुत्र ने मेढा़ सोसाइटी में जहर खाकर की थी आत्महत्या
राजनांदगांव जिले में कर्ज तले दबे एक किसान पुत्र आनंद कवर ने मेढा़ सोसाइटी में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इस आत्महत्या के बाद लगभग छह गांव के लोग आज राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय की अगवानी में कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और एक ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की। इस दौरान डोंगरगढ़ क्षेत्र के मेढा़ सोसाइटी प्रबंधक पर ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि सोसायटी प्रबंधक कुलदीप विश्वकर्मा द्वारा किसानों के नाम से केसीसी के माध्यम से फर्जी कर्ज निकाल कर किसानों को कर्ज के बोझ तले दबा दिया गया है।
मेढा़ सोसाइटी प्रबंधक ने किसानों के नाम पर लिया था कर्ज
मृतक आनंद कंवर भी इसी कर्ज का दंश झेल रहा था। वहीं मृतक के जीजा भागवत चंद्रवंशी ने बताया कि सोसाइटी प्रबंधक कुलदीप विश्वकर्मा ने कर्ज के नाम पर निकाले गए इन रुपयों को लौटने की बात कही थी लेकिन वह रुपए नहीं लौटा रहा था, वहीं इस मामले में सहकारी बैंक के अध्यक्ष नवाज खान ने रुपए लौटा देने का आश्वासन दिया था, लेकिन नवाज खान सोसाइटी प्रबंधक को इस मामले में संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोसाइटी प्रबंधक द्वारा फर्जी दस्तखत करा कर पैसे निकाल लिए गए हैं। जिसकी वजह से आनंद कंवर ने अपनी जान दे दी है।
राजनांदगांव सांसद ने मामले की जांच व कार्यवाही की मांग की
किसान के द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिलने पर राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे पीड़ित परिवार से मिलने उनके गांव खल्लारी पहुंचे। इस दौरान सांसद ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कही और लगभग छह गांव के लोगों के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय ज्ञापन सौंपने पहुंचे। सांसद संतोष पांडे ने कहा कि सोसाइटी प्रबंधक द्वारा केसीसी के माध्यम से किसानों के नाम पर फर्जी तरीके से 1 लाख रूपये से लेकर 3 लाख रूपये तक का लोन निकाल लिया गया और जब किसानों ने अपना पैसा मांगा तो वह किसानों को लगातार मियाद देकर टालता चला गया। सांसद संतोष पांडे ने इस मामले में जांच की मांग करते हुए कहा है कि चेयरमैन से लेकर सोसाइटी प्रबंधक और कौन-कौन अधिकारी इसमें शामिल है जांच कर सभी को बर्खास्त किया जाना चाहिए।