सूरजपुर : जिले से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे गांव को दहला दिया. त्योहारों की खुशियों के बीच एक घर में ऐसा खून-खराबा हुआ, जिसका अंदाजा किसी ने भी नहीं लगाया होगा. पहले गांववालों को लगा कि यह कोई अलौकिक घटना है, लेकिन सच सामने आया तो सबकी रूह कांप गई.
भूत-प्रेत वाली झूठी कहानी
दरअसल, चंदौरा थाना क्षेत्र के जजावल गांव में आनंद सिंह अपने परिवार के साथ रहता था. दीपावली की रात उसकी पत्नी बसंती अपने दो बच्चों को लेकर मायके चली गई थी. अगले दिन जब वह लौटी, तो उसने गांव वालों को बताया कि मेरे पति आनंद को ‘भूत-प्रेत’ ने मार दिया. अमावस्या की रात अलौकिक शक्ति के साये में मौत होने की बात कहकर उसने पूरे गांव को गुमराह करने की कोशिश की.
पुलिस को मामला संदिग्ध लगा
आनंद सिंह के भाई को जब घटना की जानकारी मिली, तो उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया. पुलिस मौके पर पहुंची तो हालात देखकर शक गहरा गया. पूछताछ शुरू हुई तो बसंती लगातार बयान बदलती रही. आखिरकार पुलिस ने सख्ती दिखाई, तब जाकर पूरा सच सबके सामने आ गया.
पति की आदतों से परेशान थी पत्नी
बसंती ने कबूल किया कि उसका पति शराब का आदी था. रोज शराब पीकर आता था और उससे मारपीट करता था. सिर्फ इतना ही नहीं, वह उस पर चरित्र को लेकर भी शक करता था. दीपावली की रात झगड़ा इतना बढ़ा कि हालात काबू से बाहर हो गए.
गुस्से में बसंती ने अपनी मां फूलमती के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी.हत्या के बाद दोनों ने खून के निशान तक साफ किए और गांववालों को गुमराह करने के लिए कहानी गढ़ी कि अमावस्या की रात कोई अलौकिक शक्ति घर में आई और आनंद की जान ले गई.
गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने बसंती और उसकी मां फूलमती दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. सूरजपुर के एडिशनल एसपी संतोष महतो ने पुष्टि की है कि दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है और इस मामले में आगे की पूछताछ जारी है.