लॉगिन

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष : डंडे से पीटकर ले ली बुजुर्ग की जान, आरोपी बुजुर्ग गिरफ्तार

Chhattisgarh October 20, 2025 रिपोर्टर: shailesh
जमीन विवाद में खूनी संघर्ष : डंडे से पीटकर ले ली बुजुर्ग की जान, आरोपी बुजुर्ग गिरफ्तार

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष : डंडे से पीटकर ले ली बुजुर्ग की जान, आरोपी बुजुर्ग गिरफ्तार

बालोद। बालोद जिले के मंगचुवा थाना क्षेत्र के ग्राम करियाटोला तुमड़ीकसा में जमीन विवाद को लेकर दो बुजुर्गों के बीच हुए झगड़े ने खूनी रूप ले लिया। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे 68 वर्षीय जगतराम सिन्हा की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले की त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बालाराम सिन्हा (66) को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह मृतक जगतराम सिन्हा शौच के लिए नरवा खेत की ओर जा रहे थे। रास्ते में पंचूराम के खेत के पास उनकी मुलाकात ग्राम के ही बालाराम सिन्हा से हुई। दोनों के बीच पुराने जमीन विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

कहासुनी के दौरान गुस्से में बालाराम ने जगतराम पर गर्दन और पीठ पर डंडे से वार कर दिया। वार के बाद मृतक बेहोश होकर गिर पड़े। इस दौरान पास मौजूद टीकमलाल ने आरोपी को पकड़कर रोका, जबकि देवन सिंह घटना की सूचना देने और पानी लाने मृतक के घर गया। सूचना मिलने के बाद मृतक का नाती दुर्गेश और उसका साथी खेमलाल मौके पर पहुंचे और जगतराम को घर लेकर आए। लेकिन गंभीर चोटों के कारण कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। घटना की रिपोर्ट मृतक के बेटे रूपेंद्र कुमार सिन्हा ने थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला पंजीबद्ध कर आरोपी बालाराम सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी विवादित मामलों में शामिल रहा है और इस घटना की जांच जारी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों बुजुर्गों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से झगड़ा चल रहा था। मृतक और आरोपी अक्सर आपस में विवाद करते रहते थे। शुक्रवार की सुबह यह झगड़ा इतनी गंभीर स्थिति में पहुंच गया कि उसने जानलेवा रूप ले लिया। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया और मौके से डंडे और अन्य साक्ष्य जब्त किए। थानाध्यक्ष मंगचुवा ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। घटना ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है। स्थानीय लोग कह रहे हैं कि बुजुर्गों के बीच इतनी हिंसक घटना देख कर सभी स्तब्ध हैं।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds