लॉगिन

अय्याशी से बढ़ा कर्ज, सट्टा खेला तो डूबा पैसा, फ‍िर राहुल ने रची 86 किलो चांदी की लूट की झूठी कहानी, यहां फंस गया

Chhattisgarh October 6, 2025 रिपोर्टर: shailesh
अय्याशी से बढ़ा कर्ज, सट्टा खेला तो डूबा पैसा, फ‍िर राहुल ने रची 86 किलो चांदी की लूट की झूठी कहानी, यहां फंस गया

अय्याशी से बढ़ा कर्ज, सट्टा खेला तो डूबा पैसा, फ‍िर राहुल ने रची 86 किलो चांदी की लूट की झूठी कहानी, यहां फंस गया

रायपुर : जिले के सदर बाजार में 86 किलो चांदी की लूट की घटना का मामला पूरी तरह से फर्जी निकला है. थाना कोतवाली पुल‍िस की जांच में सामने आया है कि श‍िकायतकर्ता ही मुख्‍य आरोपी है. अय्याशी के चलते हुए कर्ज और सट्टे में हारी रकम को चुकाने लिए उसने लूट की झूटी कहानी रची थी. इस मामले ने लोगों को ही नहीं, पुलिस को भी चौंका द‍िया था. घटना से शहर की सुरक्षा व्‍यवस्‍था पर भी सवाल खड़े हो गए थे.

दरअसल, मूल रूप के यूपी के आगरा में रहने वाले राहुल गोयल अग्रवाल ने शन‍िवार रात कोतवाली थाने में लूट का केस दर्ज कराया था. अपनी शिकायत में उसने पुलिस को बताया था कि रात में दो नकाबपोश बदमाश उसके घर में घुसे और उसे बेहोश कर रस्सी से बांध दिया. इसके बाद बदमाश 86 किलो चांदी लूटकर फरार हो गए. लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस टीम ने राहुल से दोबारा पूछताछ की. इस दौरान वह बार-बार अपना बयान बदलने लगा. पुलिस ने सख्‍ती की तो उसने सच कबूल कर लिया और कहा कि उसने लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी.

राहुल पर भारी कर्ज हो गया था

पुलिस के अनुसार, राहुल गोयल एक निजी कंपनी में नौकरी करता है, जो चांदी के गहने बनाती है. रायपुर में उसका काम कंपनी के लिए ऑर्डर लेना और बिक्री करना था. पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल पर भारी कर्ज हो गया था. इस कर्ज को चुकाने के लिए उसने सट्टे का सहारा लिया, लेकिन वहां भी पैसा डूब गया. ऐसे में उसने धीरे-धीरे चांदी को बेचकर नुकसान की भरपाई करने की कोश‍िश की. लेकिन, जब चांदी का हिसाब गड़बड़ाया तो उसने लूट की झूठी कहानी रच डाली.

कैसे हुआ झूठी कहानी का खुलासा?

86 किलो चांदी की लूट की वारदात पर पुलिस की टीम घटनास्‍थल पर पहुंची और रिक्रिएशन किया. तकनीकी जांच कर सबूत जुटाए गए. फरियादी राहुल के हाथ-पैर पर मिले रस्सी के निशानों का डॉक्टर से परीक्षण कराया गया. इस दौरान डॉक्टर ने कहा कि चोटें स्व-प्रेरित हो सकती हैं. सीसीटीवी में भी कोई स‍ंदिग्‍ध नजर नहीं आया. इसके बाद पुलिस का शक राहुल गोयल पर गहरा गया. पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने सच स्वीकार कर लिया. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

पूछताछ कर रही पुलिस

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि राहुल गोयल को गिरफ्तार कर चांदी की बिक्री को लेकर पूछताछ की जा रही है. मामले की जांच जारी है, आगे जो भी सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds