चोर गिरोह का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड राजा खान सहित 18 आरोपी गिरफ्तार, 52 बाइक जब्त 

रायगढ़ : जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के नेतृत्व में एक संगठित बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। गिरोह के मास्टरमाइंड राजा खान सहित 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से चोरी की कुल 52 दुपहिया वाहन बरामद की गई हैं, जिनकी बाजार कीमत 40 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

गिरोह की गतिविधियां मुख्य रूप से रायगढ़ शहर के इतवारी बाजार, जिला अस्पताल, श्याम मंदिर जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में केंद्रित थी। आरोपी मास्टर चाबी की मदद से भीड़ वाले इलाकों से बाइक चोरी करते थे और फिर उन्हें सीमावर्ती जिलों में खपाते थे। साइबर सेल की सतर्क निगरानी के चलते गिरोह की करतूतें सामने आई। बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए एसपी दिव्यांग पटेल ने साइबर सेल और शहर के विभिन्न थानों की संयुक्त टीम गठित की थी। इसी टीम ने आरोपी राजा खान को बिना नंबर की संदिग्ध बाइक के साथ पकड़ा।

पूछताछ में राजा ने रायगढ़, पुसौर, सक्ती, सारंगढ़ समेत कई इलाकों से अपने साथियों के साथ बाइक चोरी करना स्वीकार किया। एसपी के निर्देश पर डीएसपी अनिल विश्वकर्मा के सुपरविजन में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर गिरोह के अन्य 17 सदस्यों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में राज उर्फ राजा खान ग्राम कोडपाली, अजय साहू खजरी, अर्जुन महिलाने कोसीर, मेमसाय साहू, भानुप्रताप खूंटे, लक्ष्मण महंत, देवकुमार भारद्वाज, नरेंद्र पैंकरा, रोहित सारथी, हिदायत खान समेत कुल 18 आरोपी शामिल हैं। बरामद 52 वाहनों में 38 एफएच डीलक्स, 9 स्प्लेंडर, 4 प्लेटिना और 1 एक्टिवा 6G स्कूटी शामिल हैं। ये वाहन रायगढ़ जिले के अलावा सक्ती और सारंगढ़ जिलों से भी चुराए गए थे। प्रारंभिक जांच में 24 चोरी के मामलों की एफआईआर विभिन्न थानों में दर्ज पाई गई है। रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में बाइक चोरी की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य संभावित लिंक की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds