ये कैसा मजाक : एम्ए राजनीति शास्त्र में चार ही विषय, परीक्षा होगी पांच विषयों की

रायपुर। पं. रविशंकर शुक्ल विवि द्वारा आयोजित की जा रही सेमेस्टर परीक्षाएं सिर्फ मजाक बनकर रह गई है। अब एक अन्य गलती एमए राजनीतिशास्त्र में सामने आई है। रविवि द्वारा सेमेस्टर परीक्षाओं की समय- सारिणी जारी किए जाने के दौरान एमए राजनीति शास्त्र का भी टाइम-टेबल जारी किया गया। एमए राजनीति विज्ञान द्वितीय सेमेस्टर के टाइम टेबल में पांचवां पेपर लोक प्रशासन का दिखा रहा है। जबकि सिलेबस में पांचवां पेपर नहीं है। प्रति सेमेस्टर 4-4 पेपर छात्रों को पढ़ाया जाना है।

एमए राजनीति विज्ञान की परीक्षा 5 जून से प्रारंभ हुई है। चौथे विषय की परीक्षा 21 जून को होगी। पांचवें विषय (जो कि है ही नहीं) की परीक्षा 26 जून को प्रस्तावित है। महाविद्यालयों ने जब समय-सारिणी देखी तो रविवि को इस संदर्भ में सूचना भेजी। इसके बाद भी रविवि द्वारा किसी तरह का कोई सुधार समय-सारिणी में नहीं किया गया और ना ही महाविद्यालयों की चिंता पर कोई प्रतिक्रिया ही दी। अब कॉलेज यह समझ नहीं पा रहे हैं कि वे क्या करें।

हो चुका है बदलाव

रविवि इस बार समय-सारिणी में कई बार बदलाव कर चुका है। इसमें बीकॉम और सीए की परीक्षाएं आपस में टकराने सहित कई तरह के कारण शामिल हैं। इन त्रुटियों की ओर भी महाविद्यालयों द्वारा ही ध्यान आकृष्ट कराया गया था। इसके अतिरिक्त छात्रों की मांग पर पहली पाली का समय सुबह 7 से 10 बजे को बदलकर 8 से 11 बजे किया गया था। इसी सप्ताह सोमवार को गलत पर्चे बांटे जाने के कारण जेमेलॉजी छठवें सेमेस्टर की परीक्षाएं रद्द की गईं। इसके अलावा 6 विषयों की परीक्षाएं डेढ़ घंटे विलंब से प्रारंभ हुई। ऐसा कोई संकाय नहीं रह गया है, जिसमें रविवि द्वारा मौजूदा सत्र में कोई गड़बड़ी नहीं की गई हो।

चार ही विषय

निजी कॉलेज संघ के सचिव डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने बताया कि, एमए राजनीति शास्त्र में चार ही विषय हैं। जिस पांचवें विषय का जिक्र टाइम-टेबल में किया गया है, वो पाठ्यक्रम में ही नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds