लॉगिन

80 हजार की लूट: आरोपियों ने लैपटॉप दिखाने के बहाने बुलाया, चाकू से डराकर रकम ट्रांसफर कराई

Chhattisgarh October 21, 2025 रिपोर्टर: shailesh
80 हजार की लूट: आरोपियों ने लैपटॉप दिखाने के बहाने बुलाया, चाकू से डराकर रकम ट्रांसफर कराई

80 हजार की लूट: आरोपियों ने लैपटॉप दिखाने के बहाने बुलाया, चाकू से डराकर रकम ट्रांसफर कराई

रायपुर ज‍िले के पंडरी (गोवा) पुल‍िस थाना इलाके के दलदल सिवनी इलाके में चाकू की नोक पर 80 हजार रुपये की लूट करने वाले दो नाबालिग समेत चार लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया है.

पीड़ित तरुण ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त प्रवीण साहू के साथ एक्टिवा से घर लौट रहा था. इस दौरान प्रवीण का एक परिचित नाबालिग युवक ने उन्हें लैपटॉप दिखाने के बहाने शंकर नगर स्थित मस्जिद के पास बुलाया.

तरुण और प्रवीण जैसे ही वहां पहुंचे, तीन युवक मौके पर आ गए. उन्होंने नाम-पता पूछते ही जान से मारने की धमकी दी और दोनों पर हमला कर दिया. आरोपियों ने चाकू और पेचकश से डराकर तरुण के मोबाइल से ₹80,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए. इसके अलावा, जेब से ₹4,000 नकद और सिल्वर रंग की पुरानी कलाई घड़ी भी लूट ली.

लूटपाट के बाद आरोपियों ने धमकी दी कि रिपोर्ट दर्ज कराओगे तो जान से मार देंगे. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने शहनवाज खान और अनस को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इनके साथ दो नाबालिगों पर भी कार्रवाई की गई है.

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल की और बताया कि लूटी गई रकम से उन्होंने कटोरा तालाब इलाके की एक मोबाइल दुकान से ₹15,000 का फोन खरीदा और ₹8,000 एक अन्य नंबर पर ट्रांसफर किए. पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त स्कूटी, मोबाइल और ₹8,000 नकद बरामद किए हैं. प्रकरण में आगे की कार्रवाई जारी है.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds