सहकलाकारो की इनसिक्युरिटी के कारण जीशान के रोल पर चली थी कैंची? अभिनेता ने किया खुलासा

मुंबई : बॉलीवुड कलाकार मोहम्मद जीशान अय्यूब इंडस्ट्री के सबसे प्रतिभाशाली अभिनेताओं में से एक हैं। हाल ही में, जीशान को करिश्मा तन्ना और हंसल मेहता की वेब सीरीज ‘स्कूप’ में देखा गया था। यह सीरीज दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुई है। दर्शक भी सीरीज में जीशान के अभिनय की तारीफ कर रहे हैं। अब काफी दिनों के बाद अभिनेता ने खुलासा किया है कि ‘स्कूप’ में उनके कई अहम रोल को काट दिया गया था क्योंकि बाकी के कलाकार उनसे इनसिक्योर हो गए थे।

हाल ही में, एक इंटरव्यू में जीशान ने कहा कि कई बार उन्हें आश्वासन दिया गया था कि उन्हें अपने लिए एक सोलो पोस्टर मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जब उन्हें बताया गया कि अरशद वारसी ने हाल ही में कहा था कि उनके सह-कलाकार उनकी लाइनें एडिट करवाते थे क्योंकि उन्हें लगता था कि वह सीन चुराने वाले हैं। जीशान ने भी तुरंत स्वीकार कर लिया कि उनके साथ भी ऐसा ही हुआ है।

जीशान ने कहा, ‘यह हादसा मेरे साथ भी हुआ है और यह अक्सर होता आया है। अब लगता है कि मुझे इससे निपटने के लिए जल्द ही कुछ सोचना पड़ेगा। हम सेट पर जो भी करते हैं स्क्रिप्ट के हिसाब से करते हैं, लेकिन अगले दिन जब हम अभिनय करते हैं, तो पूरे ग्राफ को ही बदल दिया जाता है।’

जीशान ने आगे कहा, ‘कभी-कभी, आपको संपादन के बाद तब झटका लगता है, जब आप स्क्रीनिंग पर फिल्म देख रहे होते हैं। उस समय आपको एहसास होता है कि आपके वह दृश्य काट दिए गए हैं, जहां आपकी लाइनें अच्छी थी। ऐसा बहुत बार हुआ है और अब काफी हद तक मुझे इसकी आदत हो गई है, लेकिन हां हर बार यह उतना ही बुरा लगता है।’

जीशान ने यह भी बताया कि अपने अगले प्रोजेक्ट में उन्होंने निर्माताओं से यह साफ कर दिया है कि उन्हें प्रोजेक्ट में विशेष उपस्थिति चाहिए। जीशान का कहना है कि ऐसा कर के ही वह अपनी भूमिकाओं के साथ इंसाफ कर पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds