लॉगिन

शर्त के चक्कर में डैम में लगाई छलांग, 48 घंटे बाद भी युवक का पता नहीं; एनडीआरएफ जुटी तलाश में

Chhattisgarh August 17, 2026 रिपोर्टर: shailesh
शर्त के चक्कर में डैम में लगाई छलांग, 48 घंटे बाद भी युवक का पता नहीं; एनडीआरएफ जुटी तलाश में

शर्त के चक्कर में डैम में लगाई छलांग, 48 घंटे बाद भी युवक का पता नहीं; एनडीआरएफ जुटी तलाश में

कोरबा : मिनीमाता बांगो बांध में दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे एक युवक की मस्ती उस वक्त हादसे में बदल गई, जब 24 वर्षीय रंजीत यादव ने डैम के गहरे पानी में छलांग लगा दी। इसके बाद वह दिखाई नहीं दिया। घटना के दो दिन गुजरने के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल पाया है। अब उसकी तलाश की जिम्मेदारी एनडीआरएफ की टीम ने संभाल ली है।

घटना के पीछे दोस्तों के बीच लगी एक शर्त को वजह बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, बांध के पानी में छलांग लगाकर आगे तक पहुंचने को लेकर युवकों के बीच बात हुई थी। इसी दौरान रंजीत पानी में कूद गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। इस पूरी घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है।

पहले स्थानीय टीम ने संभाला मोर्चा

युवक के पानी में लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने भी तत्काल सर्च अभियान शुरू किया। गोताखोरों और रेस्क्यू कर्मियों ने बांध के आसपास काफी देर तक तलाश की, लेकिन रंजीत का कोई सुराग नहीं मिला।

अंधेरा होने और पानी के तेज बहाव की वजह से अभियान को रोकना पड़ा। इसके बाद प्रशासन ने एनडीआरएफ से मदद मांगी। सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम बांगो पहुंची और आधुनिक उपकरणों के साथ युवक की तलाश दोबारा शुरू की।

बांगो डैम में लगातार बढ़ रहा पानी

इधर, रंजीत की तलाश के बीच बांगो बांध में पानी का दबाव भी बढ़ गया है। भारी बारिश के कारण बांध का जलस्तर करीब 94 फीसदी तक पहुंच चुका है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बांध के कई गेट खोलकर पानी बाहर निकाला जा रहा है। अब तक 9 गेट खोले जाने की जानकारी है।

बांध से टरबाइन के जरिए पानी छोड़ने के साथ कुल करीब 41,080 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। इसका असर आसपास के नदी-नालों पर भी दिखाई देने लगा है।

नदी किनारे रहने वालों को किया गया अलर्ट

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने नदी और बांध के आसपास रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की हिदायत दी है। तटीय इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को सुरक्षित रहने की अपील की गई है।

कोरबा के सीतामढ़ी क्षेत्र में हरदेव नदी के किनारे बसे करीब 10 घरों में पानी पहुंचने की सूचना है। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds