18वें जन्मदिन के तीन दिन बाद युवती की हत्या, नाले की रेत में दफन मिला शव, प्रेम प्रसंग की आशंका

महासमुंद : जिले में एक 18 वर्षीय युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. युवती का शव नाले की रेत में दफन अवस्था में मिला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. शव का कुछ हिस्सा रेत से बाहर दिखाई देने और आसपास तेज दुर्गंध फैलने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. प्रारंभिक जांच में युवती के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. पुलिस प्रेम प्रसंग समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

कौन थी मृतका

मृतका की पहचान झारा गांव निवासी भारती टंडन के रूप में हुई है. वह हाल ही में 11वीं कक्षा उत्तीर्ण कर 12वीं में प्रवेश लेने की तैयारी कर रही थी. परिवार में तीन बहनों और एक भाई में वह सबसे बड़ी थी. परिजनों के मुताबिक, 19 जून को उसने अपना 18वां जन्मदिन मनाया था. उसी रात वह अचानक घर से गायब हो गई और फिर वापस नहीं लौटी.

प्रेम प्रसंग की आशंका

जानकारी के अनुसार, भारती का एक युवक के साथ प्रेम संबंध होने की चर्चा थी. आशंका जताई जा रही है कि जन्मदिन की रात वह उससे मिलने घर से निकली थी. अगले दिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर खल्लारी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई.

रेत में दफन मिला शव

22 जून को गांव के पास स्थित एक नाले में रेत के भीतर दफन शव मिलने की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शव को बाहर निकलवाया. जांच के दौरान पाया गया कि शरीर का निचला हिस्सा बिना कपड़ों के था, जबकि कुछ कपड़े थोड़ी दूरी पर पड़े मिले. शव की पहचान बाद में भारती टंडन के रूप में हुई.

पोस्टमॉर्टम में क्या आया सामने

पोस्टमॉर्टम की शुरुआती रिपोर्ट में सिर पर लगभग 6 इंच लंबा गहरा घाव मिलने की पुष्टि हुई है. चिकित्सकों के अनुसार किसी धारदार हथियार से किए गए हमले के कारण खोपड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई थी. शरीर पर संघर्ष के संकेत देने वाले कई अन्य निशान भी पाए गए हैं. दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए आवश्यक जैविक नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं.

चार युवक हिरासत में

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवती के संपर्क में रहने वाले 4 युवकों को हिरासत में लिया है. इनमें वह युवक भी शामिल है, जिसके साथ उसके संबंध होने की बात सामने आई है. पुलिस मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और अन्य संभावित पहलुओं का पता लगाने के लिए सभी साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds