लॉगिन

Women’s Football World Cup: न्यूजीलैंड का सामना नॉर्वे से, आयरलैंड के खिलाफ खेलेगा ऑस्ट्रेलिया

Sports July 20, 2023 रिपोर्टर: shailesh
Women’s Football World Cup: न्यूजीलैंड का सामना नॉर्वे से, आयरलैंड के खिलाफ खेलेगा ऑस्ट्रेलिया

Women’s Football World Cup: न्यूजीलैंड का सामना नॉर्वे से, आयरलैंड के खिलाफ खेलेगा ऑस्ट्रेलिया

नई दिल्ली : महिला फुटबाल विश्वकप का आगाज गुरुवार को दो मुकाबलों के साथ होगा। टूर्नामेंट के पहले दिन न्यूजीलैंड का सामना ग्रुप-ए में नॉर्वे से और सह मेजबान ऑस्ट्रेलिया की टक्कर सिडनी में आयरलैंड से होगी। यह टूर्नामेंट 20 अगस्त तक चलेगा। रग्बी के लिए अपनी दीवानगी के लिए मशहूर न्यूजीलैंड विश्वकप की सह मेजबानी के जरिये देश में इस खेल का ग्राफ ऊपर उठते देखना चाहता है। न्यूजीलैंड फुटबाल ने एलान किया कि ऑकलैंड के ईडन पार्क पर पहले मैच में कम से कम 50,000 दर्शक होंगे जो देश के फुटबाल इतिहास में सबसे ज्यादा है।

न्यूजीलैंड ने पिछले पांच में से एक भी बार विश्वकप मैच नहीं जीता है। इस साल उसने नौ मैच खेले और सात में पराजय झेलनी पड़ी। दूसरी ओर नॉर्वे की टीम 1995 में विश्वकप जीत चुकी है और ग्रुप-ए की सबसे मजबूत टीमों में से है। न्यूजीलैंड के खिलाफ उसने सात में से पांच मैच जीते, एक ड्रॉ रहा और एक गंवाया। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया के मैच में नजरें सैम केर पर लगी होंगी जो 63 अंतरराष्ट्रीय गोल कर चुकी हैं।

ऑस्ट्रेलिया ने फरवरी में कप ऑफ नेशंस में एक भी मैच नहीं गंवाया और अप्रैल में इंग्लैंड के 30 मैचों के विजय अभियान पर रोक लगाई। आयरलैंड पहली बार विश्वकप खेल रहा है। महिला फुटबाल विश्वकप में कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और अमेरिका खिताब जीतने की सबसे प्रबल दावेदारों में से एक हैं। अमेरिका की टीम चार बार यह टूर्नामेंट जीत चुकी है और महिला फुटबाल विश्व कप की सबसे सफल टीम है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds