heml

CG : रायपुर में बादल छंटने के साथ अब सूर्य की तपिश हुई तेज, पांच दिन में चार डिग्री बढ़ेगा पारा

रायपुर : राजधानी रायपुर में बादल छंटने के साथ अब सूर्य की तपिश धीरे-धीरे बढ़ रही है। अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री तक की वृद्धि की संभावना है। मौसम के जानकार इसे गर्मी की शुरुआत मान रहे हैं।

रविवार को प्रदेश का मौसम शुष्क था। राजधानी रायपुर में 10 फीसदी बादल थे। यहां सुबह से शाम तक तेज धूप थी। दोपहर बाद हल्की उमस भी रही। अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। पिछली रात न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस था। यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। लेकिन हल्की ठंड थी। ठंडी हवा चल रही थी।

होली तक सामान्यतः यहां दिन में हल्की गर्मी और रात हल्की ठंडी होती है। अगले दो दिन मौसम साफ रहेगा। गर्मी का सीजन आने से बाजार में मटके, पंखे, कूलर, खस, वुडन, एसी की आवक बढ़ गई है। राजधानी रायपुर में सड़कों के किनारे गर्मी से राहत देने वाले सामान बिक रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में मध्य क्षोभमंडल में 56 डिग्री पूर्व और 30 डिग्री उत्तर में स्थित है। एक द्रोणिका पूर्वी विदर्भ से अंदरूनी ओडिशा तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में 11 मार्च को मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि संभावित है। प्रदेश के मध्य भाग के कुछ जिलों में हल्के बादल रह सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button