छत्तीसगढ़ में उत्तर से हवाओं का आना शुरू, गिरेगा पारा, बढ़ेगी ठंड

रायपुर : प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है और उत्तर से ठंडी हवाओं का आना शुरू हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि इसके चलते बुधवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू होगी और ठिटुरन भी बढ़ेगी। मंगलवार को प्रदेशभर में अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस वर्ष अच्छी ठंड पड़ने की उम्मीद है।

मंगलवार को भी रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा। सुबह-सुबह और रात में अब ठंड बढ़ने लगी है। हालांकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं हुआ है। रायपुर के तो अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी रही। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा और न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अभी ठंड में थोड़ी बढ़ोतरी होगी।

गर्म कपड़ों की नई रेंज उपलब्ध

मोतीबाग चौक, पंडरी, आमापारा, टिकरापारा सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गर्म कपड़ों के स्टाल लग गए हैं और इन स्टालों में नई-नई रेंज उपलब्ध है। उपभोक्ताओं के लिए इसमें 20 फीसद तक की छूट दी जा रही है। इसके साथ ही कपड़े संस्थानों में भी गर्म कपड़ों की नई रेंज उपलब्ध है। इसे लोग काफी पसंद भी कर रहे हैं।

उद्यानों में सुबह बढ़ी लोगों की संख्या

बढ़ते स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए आजकल लोगों में जागरूकता बढ़ी है। लोग खानपान के साथ शरीर को स्वस्थ और फुर्तिला रखने के लिए तरह-तरह के जतन करते हैं। इनमें योगा, व्यायाम, जिम और जुंबा के माध्यम से सर्दियों में शरीर को फिट रख रहे हैं। यही कारण है कि शहर के सड़क, सोसायटी और उद्यानों में तड़के ही बड़ी संख्या में लोग जागिंग और वाक के लिए पहुंच रहे हैं। ठंड बढ़ने के साथ ही जिम में भी लोगों की संख्या बढ़ने लगी है।

Back to top button

This will close in 20 seconds