बच्चे रहते बीमार तो वृद्धा को सोते समय उतारा मौत के घाट, जादू-टोना के शक में अंधविश्वासी हुआ आरोपी

जशपुर : जिले के बगीचा में जादू-टोना के शक ने एक बेबस वृद्ध महिला की जान ले ली. एक व्यक्ति ने निर्दयता की सारी हदें पार कर उसे मौत के घाट उतार दिया. दरअसल, घटना बगीचा थाना क्षेत्र के गितारीपानी गांव की है. पहाड़ी कोरवा गांव के रहने वाले आरोपी छंदनू राम (31) पिता मंगरू ने अकेले रह रही वृद्ध महिला फूलमइत बाई (71) की लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी.
बताया जा रहा है कि आरोपी के बच्चे अक्सर बीमार रहते थे, जिसके चलते वह वृद्धा पर जादू-टोना करने का संदेह करता था. इसी अंधविश्वास के कारण उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया. घटना की सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस मौके पर पहुंच गई.
घर में सो रही थी वृद्धा
जांच के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि वृद्धा रात में खाना खाकर अपने घर में सो रही थी, तभी आरोपी ने उसके सिर और चेहरे पर डंडे से कई वार कर उसकी हत्या कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार एवं एसडीओपी दिलीप कोसले के मार्गदर्शन में पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची.
पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. एसडीओपी दिलीप कोसले ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उसे गिरफ्तार कर लिया है, जिसे न्यायालय में पेश किया गया.