रायपुर में आज से फिर बदलेगा मौसम, उत्तर हवाओं से गिरेगा न्यूनतम तापमान, जानें ठंड को लेकर आईएमडी का अपडेट

रायपुर : दो दिनों से लग रही गर्मी से एक बार फिर राहत मिलती दिखाई दे रही है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अब उत्तर की ओर से बुधवार से दोबारा ठंडी और शुष्क हवाओं का प्रभाव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। इसकी वजह से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में अगले दाे से तीन दिनों में दो से तीन डिग्री की गिरवाट होने के आसार हैं। इसके अलावा अधिकतम तापमान में भी मामूली गिरावट होने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने के आसार हैं।

वहीं, सात और आठ फरवरी को मौसम शुष्क रहने के संकेत हैं। साथ ही राजधानी में आकाश मुख्यत: साफ रहने की संभावना है और प्रात: काल में कुहासा रहने के बाद अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। इसी बीच मंगलवार को धूप की वजह से राजधानी सहित प्रदेशभर में पारा चढ़ा रहा। वहीं, अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तिल्दा में, जबकि न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान औसत से सात डिग्री ज्यादा

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अधिकतम तापमान औसत से लगभग सभी क्षेत्रों में ज्यादा है। औसत से सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान राजनांदगांव में सात डिग्री, बिलासपुर में पांच डिग्री, दुर्ग में चार डिग्री, रायपुर में तीन डिग्री, अंबिकापुर व जगदलपुर में दो डिग्री और पेंड्रा रोड में यह एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।

न्यूनतम तापमान भी औसत से ज्यादा

अधिकतम तापमान के अलावा न्यूनतम तापमान भी औसत से ज्यादा चल रहा है। सर्वाधिक अंतर पांच डिग्री रायपुर व राजनांदगांव में है। वहीं, बिलासपुर व जगदलपुर में चार डिग्री सेल्सियस, अंबिकापुर में तीन डिग्री सेल्सियस, जबकि दुर्ग और पेंड्रा रोड में यह औसत से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button