हवा की दिशा बदलने से रायपुर में फिर बदलेगा मौसम, रात में बढ़ेगी ठंड, 11 फरवरी से बारिश के आसार

रायपुर : राजधानी रायपुर में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। रायपुर सहित पूरे प्रदेश में मौसम साफ हो गया है। इसके साथ ही तापमान में दिनोंदिन बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसकी वजह से गर्मी भी तेजी से बढ़ रही है। हालांकि गुरुवार से हवा की दिशा में बदलाव होने की संभावना बन रही है, जिसकी वजह से अगले दो-तीन दिनों बाद रायपुर सहित छत्तीसगढ़ का मौसम एक बार फिर बदलेगा। रात का मौसम थोड़ा नरम होगा। लेकिन बड़ा बदलाव अब संभव नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 8 फरवरी को उत्तर से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं के प्रभाव के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना बनी हुई है। एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल में द्रोणिका के रूप में 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर 70 डिग्री पूर्व और 30 डिग्री उत्तर में स्थित है, इसके कारण न्यूनतम तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट की संभावना कम है।

तीन दिन बारिश की संभावना

प्रदेश में दो – तीन दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है तथा अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। हालांकि मामूली गिरावट संभावित है। मौसम विभाग ने 11 से 14 फरवरी तक प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। बुधवार को प्रदेश का मौसम साफ था। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस था। यहां पिछली रात न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds