रायपुर : छत्तीसगढ़ में बारिश का दायरा एक बार फिर बढ़ने के संकेत हैं। सोमवार को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है, जबकि 3 और 4 नवंबर को अनेक इलाकों में बरसात और एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र रायपुर के 1 नवंबर को जारी बुलेटिन में यह पूर्वानुमान दिया गया है।
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ के प्रभाव से प्रदेश में मौसम की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। आज कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा और गरज-चमक के बीच बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
रायपुर में बादलों के साथ बारिश के आसार
राजधानी और आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। बारिश, गरज-चमक या अंधड़ की संभावना भी है। रायपुर-माना के स्थानीय पूर्वानुमान में 2 नवंबर के लिए अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
3–4 नवंबर को तेज हवा भी बढ़ा सकती है परेशानी
आईएमडी के अनुसार, इन दो दिनों में छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवा चल सकती है। हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा, जबकि झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। भारी बारिश की चेतावनी कुछ स्थानों के लिए है।
चक्रवात के रास्ते को लेकर आईएमडी के 1 नवंबर के पूर्वानुमान में बताया गया है कि मुरासु 2 नवंबर की देर रात से 3 नवंबर की तड़के के बीच नेल्लोर और नरसापुर के बीच आंध्र प्रदेश का तट पार कर सकता है। तट पार करते समय वहां हवा की रफ्तार 100–110 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों में 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है।