लॉगिन

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले 2 दिन कई जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट

Chhattisgarh July 15, 2026 रिपोर्टर: shailesh
छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले 2 दिन कई जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले 2 दिन कई जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट

रायपुर : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मंगलवार को गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बुधवार से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 15 जुलाई से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज होने का अनुमान जताया है। राजधानी रायपुर में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए सिस्टम के प्रभाव से अगले 24 घंटे के भीतर प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश का असर अधिक देखने को मिल सकता है। रायपुर में भी दिनभर बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में मानसून द्रोणिका जम्मू, देहरादून, बाराबंकी, पटना, बंकुरा होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। वहीं उत्तर बंगाल की खाड़ी और दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण अगले 24 घंटे में निम्न दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। इसी सिस्टम के असर से प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय होगा।

 हालांकि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहा और कहीं भी उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं हुई। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से 29 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

मौसम विभाग ने सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के लिए तेज हवा, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं बीजापुर, बालोद, राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, कोरिया समेत कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds