CG POLITICS : राजनांदगांव में मतदान जारी, इस सीट पर फिर खिलेगा कमल या भूपेश बघेल देंगे टक्‍कर

राजनांदगांव : लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा चुनाव के लिए आज शुक्रवार को राजनांदगांव लोकसभा सीट पर मतदान शुरू हो गया है। राजनांदगांव के मतदाताओं में जबरदस्‍त उत्‍साह देखा जा रहा है। सुबह से संसदीय क्षेत्र के अलग-अलग पोलिंग बूथ पर वोटरों की लंबी लाइन देखी जा रही है।

चुनावी समर में कुल 15 प्रत्याशी हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा के संतोष पांडेय और कांग्रेस के भूपेश बघेल के बीच है। भाजपा व कांग्रेस की नजर महिला व युवा मतदाताओं पर है। पूरे प्रचार अभियान में इन वर्गों को फोकस में रखकर काम किया गया। कुल 18.68 लाख मतदाताओं में 9.38 लाख महिला वोटर्स हैं, जबकि युवा मतदाताओं की संख्या 5.06 लाख है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में 76.04 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार यह आंकड़ा बढ़ने की संभावना है।

चार जिलों और आठ विधानसभा क्षेत्रों वाले राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र में कुल 18 लाख 68 हजार 21 मतदाता हैं। इनमें पुरूष मतदाता नौ लाख 29 हजार 679 और महिला वोटर्स महिला नौ लाख 38 हजार 334 हैं। अन्य आठ मतदाता हैं। चुनावों में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 18 से 19 वर्ष तक की आयु वाले युवा मतदाताओं की संख्या 58 568 है, जबकि 20 से 29 वर्ष वाले चार लाख 48 925 हैं।

आठ में तीन सीटें भाजपा के पास

लोकसभा क्षेत्र के आठ विधानसभा क्षेत्रों में से तीन पर सत्ताधारी दल भाजपा के विधायक हैं, जबकि पांच पर कांग्रेस को जीत मिली थी। चार माह पहले हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पंडरिया व कवर्धा को मिलाकर लगभग 65 हजार की बढ़त ली थी। तीसरी सीट राजनांदगांव है जहां 45 हजार मतों से भाजपा ने जीत दर्ज की थी। इस तरह संसदीय क्षेत्र में भाजपा की कुल बढ़त 1.10 लाख मतों की थी।

दूसरी तरफ कांग्रेस के खाते में गई खैरागढ़ व डोंगरगढ़ को मिलाकर उसकी बढ़त का आंकड़ा लगभग 20 हजार का था। इसके अलावा कांग्रेस ने डोंगरगांव, खुज्जी व मोहला-मानपुर विधानसभा क्षेत्र में भी जीत का परचम लहराया था। तीनों सीटों को मिलाकर लगभग 63 हजार मतों की बढ़त थी।

इनके बीच है मुख्य मुकाबला

संतोष पांडेय (भाजपा) आयु-56 वर्ष निवास-दैहानपारा, सहसपुर लोहारा, जिला कवर्धा मतदाता-विधानसभा क्षेत्र कवर्धा, भाग संख्या 374, क्रम संख्या 598 शिक्षा-बीए, एलएलबी

भूपेश बघेल (कांग्रेस) आयु- 63 वर्ष निवास-मानसरोवर परिसर, भिलाई-3, जिला दुर्ग मतदाता- विधानसभा क्षेत्र पाटन, भाग संख्या 57, क्रम संख्या 356 शिक्षा-एमए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button