लॉगिन

VIDEO : मैग्नेटो मॉल प्रबंधन की मनमानी पर कोर्ट का आदेश, किरायेदार को दुकान का कब्जा वापस देने के निर्देश

Chhattisgarh November 19, 2026 रिपोर्टर: shailesh
VIDEO : मैग्नेटो मॉल प्रबंधन की मनमानी पर कोर्ट का आदेश, किरायेदार को दुकान का कब्जा वापस देने के निर्देश

VIDEO : मैग्नेटो मॉल प्रबंधन की मनमानी पर कोर्ट का आदेश, किरायेदार को दुकान का कब्जा वापस देने के निर्देश

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित मैग्नेटो मॉल प्रबंधन पर किरायेदार की दुकान में जबरन ताला लगाकर कब्जा करने और बिजली आपूर्ति बंद करने का मामला सामने आया है। मामले में भाड़ा नियंत्रक न्यायालय ने महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए मॉल प्रबंधन को दुकान का ताला तत्काल हटाकर किरायेदार को शांतिपूर्ण एवं वास्तविक कब्जा वापस सौंपने के निर्देश दिए हैं।

मामला मैग्नेटो मॉल के भूतल पर स्थित दुकान नंबर 21A और 21B से जुड़ा है। दुकान के किरायेदार मेसर्स श्री जी. क्लॉथ्स की ओर से आरोप लगाया गया है कि किराये के परिसर में बिना न्यायालय की अनुमति और किरायेदार की सहमति के जबरन ताला लगा दिया गया। इतना ही नहीं, दुकान की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई, जिससे कारोबार प्रभावित होने के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। इस मामले में मॉल प्रबंधन के एक कर्मचारी का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दुकान की बिजली आपूर्ति बंद होने और उसकी सही जानकारी नहीं दिए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

न्यायालय ने माना, विचाराधीन प्रकरण में किरायेदार को बेदखल करना विधि विरुद्ध

न्यायालय (भाड़ा नियंत्रक), रायपुर में प्रकरण क्रमांक 26-90 (6), वर्ष 2024-25 किशोर माखीजा एवं अन्य विरुद्ध मेसर्स श्री जी. क्लॉथ्स एवं अन्य के मामले की सुनवाई के दौरान किरायेदार की ओर से दुकान का ताला खुलवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था।

आवेदन में बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच दुकान को लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद दुकान नंबर 21A और 21B में बिना किसी न्यायालयीन आदेश के ताला लगाकर किरायेदार को दुकान के उपयोग एवं कारोबार से वंचित कर दिया गया। इस संबंध में थाना तेलीबांधा और पुलिस कमिश्नर रायपुर के समक्ष भी शिकायत की गई थी।

भाड़ा नियंत्रक ने जारी किए सख्त निर्देश

न्यायालय ने प्रकरण के दस्तावेजों और आदेश पत्रिका का अवलोकन करने के बाद पाया कि मामले में अभी तक वाद बिंदु विरचित नहीं हुए हैं और न ही दोनों पक्षों के साक्ष्य प्रस्तुत हुए हैं। इसके बावजूद किरायेदार की दुकान पर ताला लगाकर उसे बेदखल करने की कार्रवाई की गई।

न्यायालय ने अपने आदेश में उल्लेख किया कि इस प्रकार किरायेदार को बलपूर्वक दुकान से वंचित करना और आर्थिक क्षति पहुंचाना छत्तीसगढ़ भाड़ा नियंत्रण अधिनियम, 2011 के प्रावधानों के विपरीत है। अधिनियम की धारा 9 के तहत भाड़ा नियंत्रक को भवन स्वामी और किरायेदारों पर अधिनियम के अंतर्गत अधिरोपित बाध्यताओं का पालन सुनिश्चित कराने की शक्तियां प्राप्त हैं।

इसी आधार पर न्यायालय ने किरायेदार की ओर से प्रस्तुत आवेदन स्वीकार करते हुए किशोर माखीजा एवं अन्य को दुकान नंबर 21A और 21B में लगाए गए ताले तत्काल हटाने तथा मेसर्स श्री जी. क्लॉथ्स के भागीदार विजय कुमार निहिचलानी को दुकान का शांतिपूर्ण एवं वास्तविक कब्जा सौंपने का आदेश दिया है।

 

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds