VIDEO : ‘बड़े फैसलों में समय लगता है’, भाजपा की पहली सूची में महाराष्ट्र की सीटों का जिक्र न होने पर एनसीपी नेता

मुंबई : आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने कमर कस ली है। कल ही भाजपा ने अपने कुल 195 उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया था। भाजपा ने 16 राज्यों और दो केंद्र शासित राज्यों में अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। हालांकि इस सूची में फिलहाल महाराष्ट्र की सीटों का जिक्र नहीं किया गया है। जब इस बारे में राज्य के कैबिनेट मंत्री और एनसीपी नेता छगन भुजबल से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बड़े फैसलों में समय लगता है।
अजीत पवार के खास कहे जाने वाले भुजबल ने कहा, ‘मुझे टिकट के बारे में कोई जानकारी नहीं है, किसे दिया जाएगा और किसे नहीं। महाराष्ट्र की किस सीट के लिए किसे चुना जाएगा, अभी कुछ तय नहीं हुआ है। अभी एक ही सूची सामने आई है। आहिस्ता-आहिस्ता और सूची जारी होंगी। बड़े फैसलों में समय लगता है। यह रातोंरात नहीं किया जा सकता है।’
पीएम मोदी इस सीट से चुनाव लड़ेगे
भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 का शंखनाद कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से चुनाव लड़ेंगे। अमित शाह गांधीनगर से चुनावी मैदान में होंगे। 34 केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों के नाम भी इस सूची में हैं। इसके अलावा दिवंगत सुषमा स्वराज की बेटी को भी लोकसभा का टिकट दिया गया है।
29 फरवरी को हुई थी अहम बैठक
इससे पहले गुरुवार को पार्टी ने देर रात तक मंथन किया था। केंद्रीय चुनाव कमेटी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य सदस्यों ने कई नामों को अंतिम रूप दिया था।
#WATCH | Nashik: Speaking on the BJP Lok Sabha candidate list which does not mention Maharashtra seats, State Cabinet Minister and NCP leader (Ajit Pawar faction) Chhagan Bhujbal says, "I have no clue about tickets, who will be given and who will not. Who will be picked up for… pic.twitter.com/yIQs889yWZ
— ANI (@ANI) March 3, 2024
2019 में भाजपा का प्रदर्शन
भाजपा ने पिछले लोकसभा चुनाव यानी 2019 में 543 सीटों में से 436 पर उम्मीदवार उतारे थे। बाकी सीटें पार्टी ने सहयोगी दलों को दी थीं। जिन 436 सीटों पर भाजपा ने चुनाव लड़ा था, उनमें से पार्टी को 303 पर जीत मिली थी। यह आंकड़ा लोकसभा में बहुमत के आंकड़े 272 से भी ज्यादा था। इसके अलावा 72 सीटों पर भाजपा दूसरे नंबर, 31 सीटों पर तीसरे नंबर और 30 सीटों पर इससे भी नीचे रही थी, जबकि 51 सीटों पर पार्टी के उम्मीदवारों की जमानत भी जब्त हो गई थी।
2019 में किस गठबंधन का कैसा था प्रदर्शन?
पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को 351, कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) को 90 और सपा-बसपा के गठबंधन को 15 सीटें मिली थीं।
भाजपा को अकेले मिला था बहुमत
2019 में भाजपा 303 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी थी और अकेले ही उसने बहुमत के जादुई आंकड़े (272) को पार कर लिया था। इसके बाद कांग्रेस 52 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर रही थी। डीएमके को 24, तृणमूल कांग्रेस को 22 और वाईएसआरसीपी को 22 सीटें मिली थीं।