गर्लफ्रेंड के लिए भिड़े दो युवक, एक की हत्या, जंगल में पकड़ाया आरोपी

कोंडागांव : जिले से हत्या का मामला सामने आ रहा है, यहां एक लड़की से प्यार करने वाले 2 लड़कों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हत्या तक पहुंच गया। इस मामले में फरार चल रहे आरोपी विजय कोर्राम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
दरअसल, यह घटना 24 जून 2025 की रात ग्राम बिचपुरी की है। ग्राम बिचपुरी निवासी विजय कोर्राम का दिनेश्वरी यादव नाम की लड़की से अफेयर था। लेकिन कुछ दिनों बाद दिनेश्वरी ने विजय से दूरी बना ली। दिनेश्वरी ने विजय का मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया। इसी बीच दिनेश्वरी भूपेश के संपर्क में आई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई।
हत्या की रची साजिस
जब यह बात विजय को पता चला कि जिस दिनेश्वरी से वह प्यार करता है, वह अब भूपेश यादव के साथ नजदीकियां बढ़ा रही है। यह बात विजय को बिल्कुल पसंद नहीं आई। गुस्से में आकर उसने भूपेश की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस के अनुसार, 23 जून की रात भूपेश, दिनेश्वरी के घर गया हुआ था। अगले दिन रात करीब 2 बजे विजय वहां पहुंचा और पीछे के दरवाजे से खटखटाने लगा। जैसे ही भूपेश और दिनेश्वरी बाहर निकले, विजय ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में भूपेश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद विजय वहां से भाग निकला।
500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज चेक करने के बाद मिला सुराग
आरोपी को पकड़ने के लिए साइबर सेल की मदद ली गई। पुलिस ने 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज देखे और मोबाइल लोकेशन से पता चला कि विजय पास के छोटेरेहेंगा गांव के जंगलों में छिपा है। पुलिस ने जंगल में घेराबंदी कर विजय को पकड़ लिया।
आरोपी ने जुर्म कबूल किया
पूछताछ में विजय ने बताया कि वह दिनेश्वरी से सच्चा प्यार करता था, लेकिन जब उसने भूपेश से रिश्ता बना लिया तो वह गुस्से में आ गया। फिर हत्या का प्लान बनाया। जैसे ही मौका मिला, उसने भूपेश पर चाकू से हमला कर दिया।