लॉगिन

बाघ की दहशत : पखांजूर में मिले पदचिह्न; महाराष्ट्र में युवक की मौत के बाद वन विभाग अलर्ट

Chhattisgarh August 17, 2026 रिपोर्टर: shailesh
बाघ की दहशत : पखांजूर में मिले पदचिह्न; महाराष्ट्र में युवक की मौत के बाद वन विभाग अलर्ट

बाघ की दहशत : पखांजूर में मिले पदचिह्न; महाराष्ट्र में युवक की मौत के बाद वन विभाग अलर्ट

कांकेर : कांकेर जिले से लगे महाराष्ट्र के इलाके में बाघ के हमले में एक युवक की मौत के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। इसी बीच कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र के ग्राम पीवी-19 में भी बाघ के पदचिह्न मिलने की जानकारी सामने आई है। इलाके में बाघ के विचरण का वीडियो भी सामने आने के बाद ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र सीमा क्षेत्र में बाघ के हमले की घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। पखांजूर के पीवी-19 गांव में बाघ के पदचिह्न मिलने से वन विभाग की टीम सतर्क हो गई है। बाघ के मूवमेंट का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र वन विभाग अलर्ट

बाघ की गतिविधियों को देखते हुए छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र वन विभाग की टीमें अलर्ट हैं। दोनों राज्यों की वन विभाग टीमों द्वारा बाघ की लोकेशन और उसके मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ बाघ की मौजूदगी वाले संभावित इलाकों की भी जांच की जा रही है।

ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। ग्रामीणों को अकेले जंगल या सुनसान इलाकों की ओर नहीं जाने और बाघ दिखाई देने की स्थिति में उसके करीब जाने या उसे छेड़ने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या बाघ के दिखाई देने की सूचना तत्काल वन विभाग को देने को कहा गया है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds