आइसक्रीम खिलाने के बहाने ले गए तीन युवक, फिर किया 16 साल की लड़की से दुष्कर्म

बलरामपुर : जिले में 16 साल की लड़की से तीन लड़कों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपी एक शादी समारोह से लड़की को आइस्क्रीम खिलाने का झांसा देकर साथ ले गए थे। किसी तरह से लड़की घर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। रिपोर्ट दर्ज होने पर पुलिस ने दो आरोपियों को झारखंड बॉर्डर से लगे जंगल और एक आरोपी को अंबिकापुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामला कुसमी थाना क्षेत्र का है।
पुरानी पहचान के चलते एक युवक साथ लेकर गया
जानकारी के मुताबिक, 7 जून को दोपहर करीब 11 बजे एक गांव में हो रहे शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 16 साल की लड़की पहुंची थी। उसी में तीन युवक विनोद एक्का, संदीप तिर्की और चंद्रप्रकाश मिंज भी गए थे। संदीप की किशोरी से पहले से पहचान थी। आरोप है कि संदीप उसे आइस्क्रीम खिलाने के बहाने अपने दोनों साथियों विनोद और चंद्रप्रकाश के साथ स्कूटी से कदमटोली ले गया। वहां तीनों युवकों ने जमकर शराब पीने लगे। शाम होता देख किशोरी घर जाने की जिद करने लगी।
विरोध करने पर लड़की को बुरी तरह से पीटा
आरोप है कि तीनों युवक उसे कंचनटोली बांध ले गए। वहां रात करीब 8-9 बजे तीनों ने लड़की से छेड़छाड़ शुरू कर दी। लड़की ने विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद तीनों ने उससे दुष्कर्म किया। लड़की के शोर मचाने पर आरोपियों ने उसको बुरी तरह से पीटा। घटना के बाद किशोरी सदमें में आ गई। युवकों ने किसी को भी घटना की जानकारी देने पर उसे और परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी। फिर तीनों वहां से लड़की को छोड़कर भाग निकले।
पुलिस को देखकर आरोपी बाइक से भागे
किसी तरह से डरी-सहमी लड़की अपने घर पहुंची और दूसरे दिन परिजनों को घटना की जानकारी दी। इस पर परिजन लड़की को लेकर थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया। सामूहिक दुष्कर्म की सूचना बलरामपुर एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने आरोपियों की तलाश के लिए दो टीमों का गठन किया। एक टीम आरोपियों के घर ग्राम पाकरडीह पहुंची तो पुलिस को देखकर दो आरोपी विनोद एक्का और संदीप तिर्की बाइक से झारखंड की ओर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया। इस पर आरोपी छिप गए।
दो जंगल में छिपे मिले, एक की लोकेशन ट्रेस कर पहुंची पुलिस
पुलिस टीम रात भर आरोपियों को तलाश करती रही। इसके बाद सुबह करीब 6 बजे झारखंड सीमा से लगे ग्राम जैरागी के पास जंगल में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा आरोपी ग्राम हंसपुर निवासी चंद्रप्रकाश मिंज भी घर से भाग चुका था। पुलिस ने उसके मोबाइल लोकेशन ट्रेस किया तो अंबिकापुर मिली। इस पर टीम वहां पहुंची और रविवार देर शाम उसे हिरासत में लिया गया। तीनों आरोपियों ने पूछताछ में लड़की से दुष्कर्म करना स्वीकार कर लिया। फिलहाल तीनों को जेल भेज दिया गया है।