CG तीन नक्सली गिरफ्तार : सारकेगुड़ा के जंगलों में बम बनाने का सामान लिए घूमते धरे गए

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों के जवानों की संयुक्त कार्यवाही में तीन सक्रिय नक्सलियों को सारकेगुड़ा व पेगड़ापल्ली के बीच जंगलों से विस्फोटक के साथ पकड़ा गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, बीजापुर जिले में चलाये जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत शुक्रवार को सुरक्षाबलों को सारकेगुड़ा व पेगड़ापल्ली के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना के बाद बासागुड़ा थाना, डीआरजी व कोबरा 210 की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर रवाना हुई। अभियान के दौरान सारकेगुड़ा व पेगड़ापल्ली के बीच जंगलों से तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। जिनसे पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम जनमिलिशिया सदस्य कुड़ामी सोमलू पिता देवा उम्र 30, निवासी आउटपल्ली, मिलिशिया सेक्शन कमाण्डर लिंगु सेमला उर्फ लिंगा पिता रामा सेमला, उम्र 26, निवासी कोरसागुड़ा और आरपीसी अध्यक्ष सोमलू कड़ती पिता स्व. कड़ती भीमा, उम्र 50, निवासी सुकनपल्ली बताया। तीनो तर्रेम थाना क्षेत्र जिला बीजापुर के रहने वाले हैं।

जिलेटिन, गन पाउडर, डेटोनेटर बरामद

इनके कब्जे से कॉर्डेक्स वायर, जिलेटिन, गन पावडर सफेद एवं काला, डेटोनेटर व दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद किया गया है। पूछताछ करने पर प्लाटून नम्बर 10 के कमांडर मल्लेश के द्वारा सारकेगुड़ा पुलिया के पास सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए बम लगाने के लिए सामग्री उपलब्ध कराया गया था। पकड़े गये नक्सलियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं में वैधानिक कार्यवाही कर न्यायिक रिमांड पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्ययालय बीजापुर के समक्ष पेश किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds