दिनदहाड़े लाखों की चोरी से दहशत, रेलवे कर्मी के घर से दो लाख रुपए से अधिक के जेवरात पार कर चोर फरार

बालोद : बालोद शहर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने पुलिस चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। अज्ञात चोर रेलवे कॉलोनी स्थित एक रेलवे कर्मी के घर से दो लाख रुपए से अधिक के जेवरात पार कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बालोद शहर के रेलवे कॉलोनी में रहने वाले एक रेलवे कर्मचारी के घर सुबह करीब 11 बजे से 12 बजे के बीच अज्ञात चोर घुस गया। घर में रखी अलमारी को निशाना बनाते हुए चोर ने उसमें रखे दो लाख रुपए से अधिक कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से भी सुराग तलाशने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल चोरों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।
सबसे बड़ी बात यह है कि चोरी की यह वारदात रेलवे चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।