भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव की नई टीम में होंगे कई बदलाव, मोर्चा प्रकोष्ठ में भी आएंगे नए चेहरे

रायपुर। प्रदेश में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव समाप्त हो गए हैं। अब अगले माह भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर कवायद होने वाली है। ऐसे में इसके बाद ही अगले माह भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव की नई कार्यकारिणी बनेगी। संभावना जताई जा रही है कि किरण देव की नई टीम में कई बदलाव होंगे। जहां कार्यकारिणी में कई पदाधिकारी बदलेंगे वही मोर्चा प्रकोष्ठ में भी नए चेहरे आएंगे। ज्यादातर मोर्चा- प्रकोष्ठ के अध्यक्ष और संयोजकों का कार्यकाल भी पूरा होने वाला है।

भाजपा के प्रदेश संगठन के चुनाव पूरे हो चुके हैं। रायपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष को छोड़कर सभी जिलों में नए अध्यक्ष बन गए हैं। इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष का चुनाव किया गया तो इसमें भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने एक बार फिर से किरण देव को ही कमान सौंपी है। किरण देव को विधानसभा चुनाव के बाद 2019 में तब अध्यक्ष बनाया गया था, जब विधानसभा का चुनाव जीतने के बाद प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव को डिप्टी सीएम बना दिया गया था। ऐसे में किरण देव का कार्यकाल करीब सवा साल का ही रहा। अब उनको पूर्णकालिक अध्यक्ष बना दिया गया है।

अगले माह होगी नई कार्यकारिणी की कवायद 

किरण देव के वापस 17 जनवरी को अध्यक्ष बनने के बाद नगरीय निकाय चुनाव का ऐलान हो गया। ऐसे में भाजपा इसमें जुट गई। भाजपा को निकाय चुनाव में ऐतिहासिक सफलता मिली है। इसके बाद पंचायत चुनाव हुए। इसमें भी भाजपा को बड़ी सफलता मिली। 33 में से 32 जिला पंचायतों में भाजपा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बने। जनपद पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा को बड़ी सफलता मिली है। अब आने वाले समय में किसी भी तरह का कोई चुनाव नहीं है। हां एक चुनाव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का होना है। इस चुनाव से फ्री होने के बाद प्रदेश की नई कार्यकारिणी बनेगी।

होंगे कई बदलाव 

किरण देव की नई कार्यकारिणी में कई बदलाव होने की संभावना है। प्रदेश के एक महामंत्री जगदीश रामू रोहरा धमतरी के महापौर बन गए हैं। इसी तरह से एक उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव राजनांदगांव के महापौर बन गए हैं। प्रदेश संगठन के कई पदाधिकारियों को निगम, मंडल और आयोग में पद मिलने की भी संभावना है। ऐसे में जिनको दूसरे पद मिलेंगे, उनके स्थान पर कार्यकारिणी में बदलाव होगा। इसी के साथ मोर्चा और प्रकोष्ठ के ज्यादातर चेहरे भी बदल जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds