छत्तीसगढ़ में सीएम पद को लेकर हलचल तेज, दिल्ली में आज बीजेपी की बड़ी बैठक, दौड़ में शामिल इन नामों पर होगी चर्चा

रायपुर : छत्तीसगढ़ में भाजपा की नई सरकार के मुखिया और उसके मुख्यमंत्री समेत 13 मंत्रियों को लेकर जनता में उत्सुकता बढ़ गई है। इसके पहले सोमवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में जीते हुए सभी भाजपा विधायक एकजुट हुए। यहां भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, चुनाव सह प्रभारी डा. मनसुख मांडविया, संगठन सह प्रभारी नितिन नबीन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद अरुण साव और पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने एक-एक विधायकों से चर्चा की। उन्हें अपने क्षेत्र की जनता के प्रति आभार प्रकट करने को कहा। इसके बाद माथुर, मांडविया और नितिन नबीन दिल्ली रवाना हो गए।
शीर्ष नेता दिल्ली रवाना
भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में जीते हुए सभी भाजपा विधायक एकजुट हुए। यहां भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, चुनाव सह प्रभारी डा. मनसुख मांडविया, संगठन सह प्रभारी नितिन नबीन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद अरुण साव और पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने एक-एक विधायकों से चर्चा की। उन्हें अपने क्षेत्र की जनता के प्रति आभार प्रकट करने को कहा। इसके बाद माथुर, मांडविया और नितिन नबीन दिल्ली रवाना हो गए।
विधायक दल की बैठक रद
छत्तीसगढ़ में प्रचंड जीत के बाद अब मुख्यमंत्री को लेकर चर्चा तेज हो गई है। भाजपा ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में सभी नए विधायकों को बुलाया है। हालांकि सोमवार को प्रदेश प्रभारी ओम माथुर और छत्तीसगढ़ भाजपा के चुनाव सह प्रभारी डा. मनसुख मांडविया की मौजूदगी में होने वाली विधायक दल की बैठक रद हो गई है।
इनमें से हो सकते हैं नई सरकार के मंत्री
छत्तीसगढ़ में मंत्री के प्रबल दावेदारों में बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, अमर अग्रवाल, अजय चंद्राकर, केदार कश्यप, राजेश मूणत, विक्रम उसेंडी, भैयालाल राजवाड़े, पुन्नूलाल मोहिले, रेणुका सिंह, दयालदास बघेल, गोमती साय, विजय शर्मा शामिल है।
केंद्रीय नेताओं के बयानों से कई मायने
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर केंद्रीय नेताओं द्वारा दिए गए बयानों पर गौर करें तो ओपी चौधरी को लेकर चर्चा तेज है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बिलासपुर में कहा था कि इस बार गरीब मां का लाल मुख्यमंत्री बनेगा। भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने मीडिया से चर्चा में कल्पनाओं से विपरीत एक नया चेहरा आने की बात कही थी। गृह मंत्री अमित शाह ने भी रायगढ़ की सभा में पूर्व आइएएस ओपी चौधरी को बड़ा आदमी बनाने की बात कही थी।
यूथ आइकान ओपी चौधरी रेस में आगे
चुनाव में यूथ आइकान रहे और ओबीसी के युवा व सशक्त चेहरे के रूप में ओपी चौधरी का नाम भी आगे रहा है। वे भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में बताए जा रहे हैं। इनमें से किसी एक को उप मुख्यमंत्री भी बनाया जा सकता है। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने बताया कि दो से तीन दिनों के भीतर विधायक दल का नेता चुन लिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ में आदिवासी सीएम की मांग
छत्तीसगढ़ में आदिवासी चेहरे की भी मांग उठती रही है, ऐसे में सरगुजा संभाग से पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय और महिला मुख्यमंत्री के रूप में बस्तर से भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी भी मुख्यमंत्री पद की प्रबल दावेदार हैं।
रमन सिंह को नजरअंदाज करना मुश्किल
अरुण साव के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह को भी भाजपा को नजरअंदाज करना मुश्किल होगा, क्योंकि भाजपा ने रमन सरकार के 15 वर्ष के कार्यकाल के विकास कार्यों को ही इस चुनाव में भी अपना विकास रूपी मुद्दा बनाया था।
अरुण साव मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार
राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ से राज्य के मुख्यमंत्री के पद को लेकर रायशुमारी की जा रही है। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष अरुण साव को मुख्यमंत्री पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। वे अन्य पिछड़ा वर्ग समाज से बड़ा चेहरा हैं और साथ ही छत्तीसगढ़िया छवि के लिए भी जाने जाते हैं।