आग उगल रहा सूरज, छत्तीसगढ़ में 45 डिग्री पर पहुंचा पारा, रायपुर, बिलासपुर समेत इन जिलों में लू का अलर्ट

रायपुर : छत्तीसगढ़ में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है. राजधानी रायपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तापमान लगातार सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है. प्रदेश में शनिवार को मौसम शुष्क रहा और एक दो पॉकेट में गर्मी की लहर चली. इस दौरान सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस राजनंदगांव में, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री अंबिकापुर में दर्ज किया गया.

वहीं रायपुर शहर में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया. यहां अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा. वहीं दुर्ग में 44.2 और बिलासपुर में 44.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.

अगले पांच दिनों तक लू की चेतावनी

मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो हिस्सों में अगले पांच दिनों तक ग्रीष्म लहर यानी लू चलने की संभावना जताई है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक सूखी हवाओं और साफ आसमान के कारण गर्मी का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है.

इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट

बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बालोद और खैरागढ़-छुईखदान-गंड़ाई में एक दो पॉकेट में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना जताई गई है. इन इलाकों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है.

राजधानी रायपुर में मौसम का हाल

मौसम विभाग ने रायपुर के लिए पूर्वानुमान जारी किया है. रविवार को आकाश मुख्यत: साफ रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds