Site icon khabriram

भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला 21 जनवरी को खेला जाएगा रायपुर में

रायपुर| भारत ने तीन वनडे मैचों की सीरीज के पहले मैच में न्यूजीलैंड को 12 रन से हरा दिया। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में मिली इस जीत से टीम इंडिया सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है। साथ ही उसने घरेलू मैदान पर लगातार छठे मैच में जीत हासिल की है। इससे पहले भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो और श्रीलंका के खिलाफ तीन मैच जीते थे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला रायपुर में 21 जनवरी (शनिवार) को खेला जाएगा।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। शुभमन गिल के दोहरे शतक की बदौलत टीम इंडिया ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 349 रन बनाए। न्यूजीलैंड की टीम जीत के करीब पहुंच गई, लेकिन वह लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकी। कीवी टीम 49.2 ओवरों में 337 रनों पर सिमट गई।

न्यूजीलैंड को चाहिए थे आखिरी ओवर में 20 रन :- न्यूजीलैंड की टीम को जीत के लिए आखिरी ओवर में 20 रन बनाने थे। गेंदबाजी करने के लिए शार्दुल ठाकुर आए। उनकी पहली गेंद पर माइकल ब्रैसवेल ने छक्का मार दिया। उसके बाद शार्दुल ने वाइड फेंक दी। इस तरह पांच गेंद पर अब 13 रन चाहिए थे। शार्दुल ने चालाकी दिखाई और ब्रैसवेल को फुल लेंग्थ की गेंद पर फेंकी। वह उसे नहीं खेल पाए और गेंद उनके पैड से लगी। शार्दुल की अपील पर अंपायर ने आउट दे दिया। ब्रैसवेल ने रिव्यू लिया, लेकिन थर्ड अंपायर ने भारत के पक्ष में फैसला दिया। इस तरह टीम इंडिया आखिरी ओवर में हारते-हारते बच गई।

अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए रोहित शर्मा :- रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने टीम इंडिया को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी की। रोहित 38 गेंद पर 34 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने चार चौके और दो छक्के लगाए। रोहित ने इस पारी के दौरान एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह वनडे में घरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी (123 छक्के) को पीछे छोड़ा। रोहित के 125 छक्के हो गए हैं।

श्रीलंका के खिलाफ आखिरी वनडे में शतक लगाने वाले विराट कोहली का बल्ला इस मैच में नहीं चला। कोहली आठ रन बनाकर आउट हो गए। ईशान किशन को दोहरा शतक लगाने के बाद पहली बार खेलने का मौका मिला। वह पांच रन बनाकर पवेलियन लौट गए। सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या ने अच्छी शुरुआत तो की, लेकिन बड़ा स्कोर नहीं बना पाए। सूर्या 31 और हार्दिक 28 रन बनाकर आउट हो गए। वॉशिंगटन सुंदर ने 12 रन बनाए।

Exit mobile version