लॉगिन

महिला फुटबॉल विश्व कप का सबसे ‘शर्मनाक पल’, इंग्लैंड की स्टार ने की गलती, याद आया डेविड बेकहम का वाकया

Sports August 8, 2023 रिपोर्टर: shailesh
महिला फुटबॉल विश्व कप का सबसे ‘शर्मनाक पल’, इंग्लैंड की स्टार ने की गलती, याद आया डेविड बेकहम का वाकया

महिला फुटबॉल विश्व कप का सबसे ‘शर्मनाक पल’, इंग्लैंड की स्टार ने की गलती, याद आया डेविड बेकहम का वाकया

नई दिल्ली : महिला फुटबॉल विश्व कप में इंग्लैंड की टीम क्वार्टरफाइनल में पहुंच गई है। उसने प्री-क्वार्टर में नाइजीरिया के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में जीत हासिल की। चीन के खिलाफ मैच में 6-1 से जीतने वाली इंग्लैंड की टीम की स्टार खिलाड़ी लॉरेन जेम्स को मैच में लाल कार्ड दिखाया गया। नाइजीरिया के खिलाफ 87वें मिनट में लॉरेन जेम्स को मैच से बाहर किया गया। इंग्लैंड की टीम अतिरिक्त समय में सिर्फ 10 खिलाड़ियों के साथ खेली।

लॉरेन जेम्स की हुई आलोचना

मैच के 85वें मिनट में नाइजीरिया की मिशेल एलोजी मैदान पर गिर गईं। उनके ऊपर लॉरेन जेम्स भी गिर गईं, लेकिन उठने के समय उन्होंने एलोजी की पीठ पर पैर रख दिया। इसे महिला विश्व कप के मौजूदा संस्करण का सबसे ‘शर्मनाक पल’ कहा गया। लॉरेन जेम्स की सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई। मैच रेफरी ने उन्हें तुरंत ही मैच से बाहर कर दिया। इसके बाद इंग्लैंड की टीम 10 खिलाड़ियों के साथ मैच के बाकी समय में खेली और किसी तरह पेनल्टी शूटआउट में जीतने में सफल रहीं।

बेकहम को भी मिला था रेड कार्ड

लाल कार्ड मिलने से लॉरेन जेम्स का नाम डेविड बेकहम और वेन रूनी के शर्मनाक क्लब में शामिल हो गया है। डेविड बेकहम को 1998 और वेन रूनी को 2006 में विश्व कप के नॉकआउट मैच में लाल कार्ड दिखाया गया। बेकहम को फ्रांस में हुए विश्व कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना के खिलाफ डिएगो सिमिओनी पर पैर चलाने के कारण मैच से बाहर किया गया था। वहीं, रूनी को 2006 विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पुर्तगाल के खिलाफ मैच में रेड कार्ड मिला था।

क्वार्टरफाइनल में नहीं खेलेंगी जेम्स

लाल कार्ड मिलने का मतलब है कि लॉरेन जेम्स अब क्वार्टर फाइनल में नहीं खेलेगी। इंग्लैंड की टीम 12 अगस्त को कोलंबिया या जमैका के खिलाफ खेलेगी। सेमीफाइनल में अगर इंग्लैंड की टीम खेलती है तो लॉरेन जेम्स को मैच में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds