1 सितंबर से आयुष्मान कार्ड से इलाज की सुविधा होगी बंद! आईएमए की चेतावनी पर आया स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का बयान

रायपुर : छत्तीसगढ़ में आयुष्मान कार्ड से इलाज की सुविधा को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने घोषणा की है कि 1 सितंबर 2025 से प्रदेश के प्राइवेट अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड के माध्यम से इलाज की सुविधा रोक दी जाएगी. स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.
1 सितंबर से आयुष्मान कार्ड से इलाज बंद, आईएमए ने दी चेतावनी
आईएमए ने बताया कि यह फैसला लंबे समय से अस्पतालों को योजना के तहत इलाज का भुगतान नहीं मिलने के कारण लिया गया है. संगठन के अनुसार, लगभग छह महीने से अस्पतालों को आयुष्मान योजना के तहत किए गए इलाज का भुगतान नहीं मिला है. इस कारण अब प्राइवेट अस्पताल कैशलेस सेवा जारी रखने में असमर्थ हैं. आईएमए का कहना है कि बिना भुगतान के यह सेवा वित्तीय रूप से संचालित नहीं की जा सकती.
6 महिने से नहीं हुआ भुगतान – आईएमए
वहीं भुगतान के दावों पर आईएए और एएचपीआई की आपत्ति सामने आई है. दोनों के प्रतिनिधि मंडल ने स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया से मुलाकात की है. राज्य सरकार का दावा है कि 2025 तक का पूरा भुगतान कर दिया गया. लेकिन आईएमए निजी अस्पतालों का दावा 350 करोड़ का भुगतान बकाया है, 6 माह से भुगतान बंद है. नियमित भुगतान का सिस्टम नहीं बन पाया है.
1 सितंबर से पहले कर देंगे पेमेंट – श्याम बिहारी जायसवाल
वहीं आईएमए की चेतावनी पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि निजी अस्पतालों को 1 सितंबर का इंतजार नहीं करना होगा. 1 सितंबर से पहले निजी अस्पतालों को पेमेंट कर देंगे. निजी अस्पतालों को जुलाई तक का पेमेंट 2-3 दिन के भीतर कर दिया जाएगा.