प्रेमी प्रेमिका ने भागकर आर्य समाज में की शादी, परिजनों के बीच हुई जमकर मारपीट, इलाके में तनाव का माहौल

सुकमा : प्रेम प्रसंग का मामला शुक्रवार शाम उस समय विवाद में बदल गया, जब युवक और युवती के घर से फरार होकर शादी करने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों परिवारों के बीच जमकर कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट और हंगामे में बदल गई। आरोप है कि लड़की पक्ष के कुछ लोग लड़के के घर पहुंचे, जहां गाली-गलौज, मारपीट और तोड़फोड़ की घटना हुई। विवाद के दौरान लाठी-डंडे चलने की भी जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार सुकमा निवासी शर्मा परिवार का एक युवक पड़ोस में रहने वाली महेश्वरी समाज की युवती को लेकर घर से चला गया। बताया जा रहा है कि दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच प्रेम संबंध था। दोनों के घर से अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच जानकारी मिली कि युवक और युवती ने आर्य समाज में विवाह कर लिया है।

शादी की खबर सामने आने के बाद युवती पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। आरोप है कि शुक्रवार शाम बड़ी संख्या में लोग युवक के घर पहुंच गए और वहां हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके पर गाली-गलौज के साथ लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल हुआ। घर में तोड़फोड़ किए जाने की भी बात सामने आई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी और विवाद को शांत कराया। हालांकि घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोगों के बीच धक्का-मुक्की, मारपीट और हंगामे के दृश्य दिखाई दे रहे हैं, जिससे मामला और अधिक चर्चा में आ गया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुकमा पुलिस अलर्ट मोड पर है। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो के आधार पर भी पहचान की जा रही है। जिन लोगों ने कानून हाथ में लिया है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds