Site icon khabriram

CG : शुरुआती गर्मी में ही तप रही राजधानी, अगले तीन दिन में राहत की उम्‍मीद, जानें IMD का ताजा अपडेट

tapti garmi

रायपुर : गर्मी अभी शुरू ही हुई है, लेकिन रायपुर में सूर्य देव ने सुबह से ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। धूप तेज होने से दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को रायपुर का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। हालांकि अगले तीन दिनों बाद गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। तापमान में तीन डिग्री तक की कमी संभावित है।

मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच सूर्यदेव की प्रचंडता देखने को मिल रही है। सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है। इस बीच दोपहर व शाम को आसमान में हल्के बादल भी छा रहे हैं। मौसम में शुष्क बना हुआ है। देर शाम ठंडी हवा भी चल रही है, लेकिन गर्मी पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा।

16 मार्च से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश के आसार

यही कारण है कि तापमान अभी से उच्चतम की तरफ पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार एक द्रोणिका गंगेटिक पश्चिम बंगाल से तमिलनाडु तक छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किमी ऊंचाई तक फैला हुआ है। शुक्रवार को मौसम शुष्क रहेगा और 16 मार्च से 19 मार्च तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह प्रदेश का दूसरा जिला रहा जहां तापमान सर्वाधिक दर्ज किया गया। बीती रात में तापमान 19.5 डिग्री रिकार्ड किया गया।

Exit mobile version