पूरी हो चुकी है 2000 के नोट की उम्र, आरबीआई ने क्लीन नोट पॉलिसी के तहत लिया इन्हें हटाने का फैसला

नई दिल्ली : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 19 मई को 2000 रुपये के नोटों को बंद करने के फैसले का ऐलान किया। आम लोग 30 सितंबर, 2023 तक किसी भी बैंक शाखा में जा कर अपने खाते में 2000 रुपये के नोट जमा कर सकते हैं या अन्य कीमत वाले नोटों में बदल सकते हैं। आरबीआई के इस फैसले को लेकर आपके मन में कई सवाल होंगे।

जैसे, क्या अब 2000 के नोट चलेंगे, 2000 के नोट एटीएम से निकल गए तो क्या होगा, क्या फिर बैंक में जा कर लाइन लगानी होगी? आपके इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए हमने अर्थशास्त्री मनमोहन शर्मा, पूर्व बैंकिंग अधिकारी और वाइस ऑफ बैंकिंग संस्था के संस्थापक अश्वनी राणा और सिटी बैंक और स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक के सिंगापुर में रीजनल हेड रह चुके अरविंद सिंह से बात की।

2000 के नोट कब छपना शुरू हुए?

2000 के नोट नवम्बर 2016 को आरबीआई एक्ट 24(1), 1934 के तहत छपना शुरू हुए। नोटबंदी के बाद देश में 500 और 1000 रुपये के नोट बंद किए जाने के बाद करेंसी की मांग को जल्द पूरा करने के लिए इन्हें शुरू किया गया।

2000 के नोट कब बंद किए किए?

अभी इन नोटों का चलन बंद नहीं हुआ है। आरबीआई 2000 के नोट को धीरे-धीरे चलन से बाहर करने की योजना पर काम कर रहा है। हालांकि वर्ष 2018-19 से 2000 के नोट की छपाई बंद की जा चुकी है।

अब चलन में 2000 के नोट कब के हैं?

आरबीआई के मुताबिक अर्थव्यवस्था में मौजूद ज्यादातर 2000 के नोट 2017 के पहले के हैं। ये नोट अपना जीवनकाल पूरा कर चुके हैं। इन नोटों का इस्तेमाल अब नहीं किया जा सकता है। ऐसे में रिजर्व बैंक की “स्वच्छ नोट नीति” के तहत इन नोटों को वापस लिया जा रहा है।

क्लीन नोट पॉलिसी क्या है?

यह आरबीआई की एक पॉलिसी है, जिसमें वह जनता को अच्छी क्वालिटी के बैंकनोट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करता है।

क्या एटीएम से 2000 के नोट मिल सकते हैं?

आरबीआई ने सभी सरकारी और निजी बैंकों से 2000 के नोट के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए कहा है। बैंकों के पास 2000 के जो भी नोट आएंगे उन्हें वे न तो एटीएम में भर सकेंगे न ही किसी ग्राहक को देंगे।

बैंक इन 2000 के नोटों को कहां रखेंगे ?

आम लोगों की तरफ से बैंकों में जमा किए गए 2000 के करेंसी नोटों को बैंकों के करेंसी चेस्ट में एकत्र किया जाएगा। यहां से इन नोटों को इकट्ठा करके आरबीआई के कार्यालयों में भेजा जाएगा।

आपके पास 2,000 रुपये का नोट है तो क्या करें?

अगर आपके पास 2000 का नोट है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। इन नोटों को आप किसी भी बैंक की ब्रांच में जा कर बदल सकते हैं। यह सुविधा बैंकों में 30 सितंबर, 2023 तक रहेगी। यह सुविधा आरबीआई के 19 रीजनल ऑफिस में भी रहेगी।

एक बार में 2000 के कितने नोट बदलवाए जा सकते हैं?

आपके पास जितने भी दो हजार रुपये के नोट हैं, वे सब आप बदलवा सकते हैं। लेकिन एक बार में सिर्फ 20,000 रुपये तक के नोट ही बदलवाए जा सकते हैं।

नोट कब से बदलवाए जा सकते हैं ?

आप 23 मई, 2023 से 2,000 रुपये के नोट बैंक में जमा करा सकते हैं या उनके बदले दूसरे नोट ले सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds