लॉगिन

ठेका कंपनी के सुपरवाइजर से लूटपाट कर मारा चाकू, पैसे मोबाइल और बाइक लेकर आरोपी फरार

Chhattisgarh June 26, 2023 रिपोर्टर: shailesh
ठेका कंपनी के सुपरवाइजर से लूटपाट कर मारा चाकू, पैसे  मोबाइल और बाइक लेकर आरोपी फरार

ठेका कंपनी के सुपरवाइजर से लूटपाट कर मारा चाकू, पैसे मोबाइल और बाइक लेकर आरोपी फरार

कोरबा :जिले की रिहायशी कॉलोनी में लाखों रुपए की लूट के बाद रविवार को दूसरी वारदात भी सामने आई है। यहां गंगानगर के पास सड़क पर खड़े 3 बदमाशों ने ठेका कंपनी के सुपरवाइजर का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की और इसके बाद पैर में चाकू घोंपकर उसे घायल कर दिया। इसके बाद उसकी बाइक, 10 हजार नगद और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, दीपका थाना अंतर्गत गांधीनगर सिरकी में श्रीराम कोहराम (32 वर्ष) निवास करता है। वह शाह ट्रांसपोर्ट कंपनी में सुपरवाइजर है। रोजाना की तरह रविवार की रात श्रीराम ड्यूटी के लिए कुसमुंडा जाने को निकला था। वह रात करीब 9 बजे कुसमुंडा दीपका मार्ग पर गंगानगर के पास पहुंचा था, इसी दौरान सड़क किनारे खड़े 3 युवकों ने जबरदस्ती उसका रास्ता रोक लिया। उन्होंने युवक श्रीराम के रुकते ही उसकी बाइक की चाबी छीन ली।

जब उसने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने युवक के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान एक आरोपी ने युवक के पैर में चाकू घोंप दिया, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों बदमाश उसकी जेब में रखे 10 हजार रुपए, मोबाइल और पल्सर बाइक लूटकर फरार हो गए। किसी तरह युवक मदद के लिए बस्ती वासियों के पास जा पहुंचा। उसने एक ग्रामीण के मोबाइल से अपने बड़े भाई प्रकाश राम को घटना की जानकारी दी।

खबर मिलते ही प्रकाश मौके पर पहुंचा। उसने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल छोटे भाई को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने कुसमुंडा थाने में केस दर्ज कराया है।कुसमुंडा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और पीड़ित का बयान दर्ज किया। उन्होंने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds