छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ा तापमान, राजनांदगांव में सबसे ज्यादा 44 डिग्री; कई जिलों में होगी हल्की बारिश; 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

रायपुर : छत्तीसगढ़ में बारिश के बीच तापमान बढ़ोत्तरी का दौर भी जारी है. गुरुवार को छत्तीसगढ़ के कई जिलों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तापमान में वृद्धि दर्ज की गई. प्रदेश का राजनांदगांव जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा. यहां तापमान 44 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. हालांकि अगले तीन दिन प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश देखने को मिलेगी. राजधानी रायपुर में सुबह से ही बारिश हो रही है. जबकि मौसम विभाग ने शुक्रवार को 16 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
राजधानी रायपुर में मौसम का बदला मिजाज
प्रदेश मे तापमान बढ़ोत्तरी के साथ ही बारिश का दौर भी जारी है. राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से ही बादल छाए रहे. इस बीच बारिश देखने को मिली, जिससे मौसम सुहावना हो गया है. तापमान बढ़ोत्तरी के बीच हुई बारिश से लोगों को रात मिली है. हालांकि गुरुवार को रायपुर का तापमान 41 डिग्री के पार ही रहा था.
गुरुवार को राजनांदगांव के अलावा अन्य प्रमुख शहरों में भी तापमान में बढ़ोत्तरी देखी गई. प्रमुख शहरों की बात करें तो दुर्ग में 41.8, रायपुर में 41.5 डिग्री, कवर्धा में 40.8 डिग्री, मुंगेली में 40.7 डिग्री, बिलासपुर में 38.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.
छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों का तापमान
राजनांदगांव- 44 डिग्री
दुर्ग- 41.8 डिग्री
रायपुर- 41.5 डिग्री
कवर्धा – 40.8 डिग्री
मुंगेली – 40.7 डिग्री
जगदलपुर- 38.6 डिग्री
अंबिकापुर- 37.7 डिग्री
बेमेतरा – 37.1 डिग्री
16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को भी कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश देखने को मिलेगी. शुक्रवार को 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इनमें राजधानी रायपुर के अलावा दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा और बलरामपुर जिले शामिल हैं.
कई दिनों से जारी है बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक 16 मई के बाद प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोत्तरी देखी जा सकती है. हालांकि पिछले कई दिनों से प्रदेश के तमाम जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश देखी जा रही है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश में हल्की बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी.