टीम इंडिया ने खत्म किया 52 साल का सूखा, पेरिस ओलंपिक 2024 में ऑस्ट्रेलिया को पीटकर रच दिया इतिहास

पेरिस। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ओलंपिक 2024 में हॉकी का मैच खेला गया। इस मुकाबले को भारतीय हॉकी टीम ने अपने नाम कर लिया है। हॉकी में भारतीय टीम के लिए यह जीत काफी अहम रही। हॉकी में भारतीय टीम लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने इस मुकाबले को 3-2 के अंतर से अपने नाम किया है। भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों ही टीम पहले ही ओलंपिक 2024 के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है, लेकिन इस जीत ने भारतीय टीम के हौसले को बढ़ाया होगा। ऐसे में टीम इंडिया अपने नॉकआउट मुकाबलों में कमाल का प्रदर्शन कर सकेगी।

कैसा रहा मैच का हाल
दोनों टीमों के बीच खेले गए इस मुकाबले में भारतीय हॉकी टीम ने शुरुआत से ही ऑस्ट्रेलिया पर दबदबा बनाए रखा। भारत के लिए अभिषेक ने एक और हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल किए, जबकि ऑस्ट्रेलिया के लिए थॉमस क्रेग और ब्लेक गोवर्स ने गोल किए। इस मुकाबले में मिली जीत के साथ भारतीय हॉकी टीम पूल बी की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। भारत के अब 5 मैचों में 10 अंक हो गए हैं। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम 5 मैचों में 9 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है।

52 साल बाद जीती टीम इंडिया
भारत ने ओलंपिक में 52 सालों के बाद ऑस्ट्रेलिया को किसी हॉकी मैच में हराया। टीम इंडिया ने आखिरी बार साल 1972 के ओलंपिक में ऑस्ट्रेलिया को हराया था। इसी के साथ भारतीय टीम अपने लगातार दूसरे ओलंपिक मेडल की तलाश में काफी शानदार करते जा रही है। उन्हें अभी तक सिर्फ बेल्जियम के खिलाफ हार मिली है। इसके अलावा उन्होंने लगातार अच्छा किया है। भारत ने ओलंपिक में अपने अभियान की शुरुआत न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत के साथ की थी। फिर भारत ने अर्जेंटीना के खिलाफ ड्रॉ खेला और फिर आयरलैंड को हराया। बेल्जियम वाले मैच में भी भारतीय टीम पूरे मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा था, हालांकि आखिर के समय में उन्हें यह मैच 1-2 से गंवाना पड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds