नई दिल्ली : टीम इंडिया ने टेस्ट क्रिकेट की बादशाहत एकबार फिर से हासिल कर ली है। रोहित की पलटन ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलिया से नंबर वन का ताज छीन लिया है। टेस्ट क्रिकेट में दुनिया की नंबर एक टीम बनने पर बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने भारतीय टीम को ट्वीट करते हुए बधाई दी है।
टीम इंडिया बनी नंबर वन
आईसीसी की जारी सालाना रैंकिंग में भारतीय टीम ने नंबर वन की पोजीशन पर ऑस्ट्रेलिया की 15 महीने की बादशाहत को खत्म कर दिया है। टीम इंडिया के अब कुल 121 रेटिंग पॉइंट हो गए हैं और रोहित की पलटन कंगारू टीम से पांच पॉइंट आगे निकल गई है। 116 रेटिंग पॉइंट के साथ पैट कमिंस की अगुवाई वाली कंगारू टीम दूसरे पायदान पर खिसक गई है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बाद तीसरे पायदान पर 114 रेटिंग पॉइंट के साथ इंग्लैंड मौजूद है।
जय शाह ने दी बधाई
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने ट्वीट करते हुए भारतीय टीम को नंबर वन बनने पर बधाई दी है। उन्होंने लिखा, “दुनिया की नंबर वन टीम बनने पर भारतीय टीम को बधाई। टॉप पर पहुंचना भारतीय टीम की टेस्ट क्रिकेट के प्रति कमिटमेंट को दर्शाता है। इसके साथ ही इससे टीम इंडिया के घर और विदेशी धरती पर निरंतर किए गए अच्छे प्रदर्शन का भी पता चलता है। भारतीय टीम टी-20 में भी नंबर वन साइड है।”
डब्ल्यूटीसी फाइनल में होनी है ऑस्ट्रेलिया से टक्कर
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम की भिड़ंत ऑस्ट्रेलिया के साथ होनी है। डब्ल्यूटीसी का फाइनल मैच 7 जून से द ओवल के मैदान पर खेला जाना है। रोहित शर्मा की अगुवाई में बीसीसीआई ने फाइनल मुकाबले के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान पहले ही कर दिया है। अजिंक्य रहाणे की 15 महीने बाद टेस्ट टीम में वापसी हुई है, तो जयदेव उनादकट को भी टीम में रखा गया है। बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया था।