लॉगिन

देश के सबसे तेज धावक अनिमेष कुजूर का सरगुजा पुलिस ने किया सम्मान, 100 मीटर में 10.14 सेकंड का है सर्वश्रेष्ठ समय

Chhattisgarh October 27, 2026 रिपोर्टर: shailesh
देश के सबसे तेज धावक अनिमेष कुजूर का सरगुजा पुलिस ने किया सम्मान, 100 मीटर में 10.14 सेकंड का है सर्वश्रेष्ठ समय

देश के सबसे तेज धावक अनिमेष कुजूर का सरगुजा पुलिस ने किया सम्मान, 100 मीटर में 10.14 सेकंड का है सर्वश्रेष्ठ समय

सरगुजा : देश के तेज धावकों में शामिल अंतरराष्ट्रीय एथलीट अनिमेष कुजूर को उनकी खेल उपलब्धियों के लिए सरगुजा पुलिस ने सम्मानित किया. सोमवार को रक्षित केंद्र अंबिकापुर के सभाकक्ष में आयोजित समारोह में पुलिस अधिकारियों ने अनिमेष की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया. अनिमेष सरगुजा पुलिस में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक अमृत कुजूर के सुपुत्र हैं.

कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अंकित झा और डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित किया गया. अधिकारियों ने कहा कि अनिमेष ने अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के दम पर एथलेटिक्स में देश का नाम रोशन किया है. उनकी उपलब्धियां सरगुजा पुलिस परिवार के लिए भी गर्व का विषय हैं.

200 मीटर में राष्ट्रीय रिकॉर्ड

अनिमेष कुजूर ने 100 मीटर दौड़ में 10.14 सेकंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय दर्ज किया है. जर्मनी के वेट्झलर में यह उपलब्धि हासिल कर उन्होंने विदेश में सबसे तेज भारतीय धावक होने का गौरव प्राप्त किया. वहीं 200 मीटर दौड़ में 20.32 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी उनके नाम है.

अनिमेष डायमंड लीग में हिस्सा लेने वाले और विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय पुरुष धावक भी हैं. उनकी खेल यात्रा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन से भरी रही है. प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उन्होंने एशियाई खेल 2026 और एशियाई रिले चैंपियनशिप में कांस्य पदक, जबकि सीनियर फेडरेशन कप 2026 और इंटर-स्टेट प्रतियोगिता 2026 में स्वर्ण पदक हासिल किए हैं.

अनिमेष का जन्म कब और कहां हुआ?

2 जून 2003 को छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के घुंटगांव में जन्मे अनिमेष ने कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई है. उनकी सफलता को क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है.

साइबर जागृति अभियान में सरगुजा पुलिस को प्रथम स्थान

समारोह के दौरान सरगुजा पुलिस की एक अन्य उपलब्धि का भी उल्लेख किया गया. पुलिस मुख्यालय से प्राप्त साइबर जागृति अभियान के तहत सरगुजा पुलिस को रेंज में प्रथम स्थान मिलने पर पुलिस महानिरीक्षक अंकित झा ने डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया.

कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक बंसोड़, प्रशिक्षु आईपीएस, उप पुलिस अधीक्षक तुल सिंह पट्टावी, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत, प्रशिक्षु सूबेदार पेमिन वर्मा और गुलशन चंद्रा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे. अनिमेष कुजूर की उपलब्धियों के सम्मान और साइबर जागृति अभियान में सरगुजा पुलिस की सफलता ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds