तेज रफ्तार ट्रेलर ने खड़ी पिकअप को मारी टक्कर, एक की मौत, 8 लोग घायल

राजनांदगांव। राजनांदगांव-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भानपुरी नदी के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खराब होकर खड़ी पिकअप वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, दुर्ग निवासी एक परिवार डोंगरगढ़ से दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान लालबाग थाना क्षेत्र के भानपुरी नदी के समीप उनकी पिकअप अचानक खराब हो गई। वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर उसमें सवार लोग उसकी मरम्मत कर रहे थे। तभी नागपुर की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने पीछे से पिकअप को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के पास मौजूद लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही लालबाग थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री पहुंचाया, जहां घायल आठ लोगों का उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार, हादसे में एक युवक की मौत हो गई है, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds