तेज रफ्तार स्कोडा ने बाइक को मारी टक्कर, दो महिलाओं की मौत; ‘सीएमओ’ नंबर प्लेट छोड़ चालक फरार

बिलासपुर : बिलासपुर जिले के मुंगेली-पथरिया मोड़ के पास शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार स्कोडा कार की टक्कर से बाइक सवार दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

घटनास्थल से पुलिस ने कार की टूटी हुई “सीएमओ” लिखी नंबर प्लेट जब्त कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे पथरिया की ओर से तखतपुर लौट रही स्कोडा कार क्रमांक CG 15 DN 3866 ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर ग्राम मझगांव निवासी भुनेश्वर साहू (26), किरण बांसोड़ (36) और हेमलता साहू (39) सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे में हेमलता साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल किरण बांसोड़ और भुनेश्वर साहू को पहले पथरिया अस्पताल और बाद में सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान किरण बांसोड़ ने भी दम तोड़ दिया। भुनेश्वर साहू का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही जरहागांव पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से मिली “सीएमओ” लिखी नंबर प्लेट को जब्त कर लिया।

पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में वाहन तखतपुर के सीएमओ अमरेश सिंह से संबंधित बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन कौन चला रहा था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds