बेटे ने मां को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, मामूली विवाद बना हत्या की वजह

सक्ती : जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेड़ीकोना में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपनी मां की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है, वहीं पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान तिहारिन बाई माली के रूप में हुई है। रविवार रात मां और बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने गुस्से में आकर मां के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास के लोगों को मामले की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डभरा थाना प्रभारी राजेश पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना घरेलू विवाद से जुड़ी हुई है, हालांकि विवाद का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक,और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds