मुंबई के वर्ली हिट एंड रन मामले में शिवसेना नेता और ड्राइवर गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

मुंबई : मुंबई के वर्ली हिट एंड रन मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मिहिर शाह के पिता राजेश शाह और ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों आरोपियों को रविवार देर रात पकड़ा गया। जबकि, बीएमडब्ल्यू कार से दंपति को टक्कर मारने वाला मिहिर फरार है, उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया। राजेश शाह महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता हैं। बता दें कि हिट एंड रन मामले को लेकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया था।

कब और कैसे हुई घटना?

पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह मुंबई में शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता की तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने एक दोपहिया वाहन में टक्कर मारी। जिससे एक महिला की मौत हो गई और उसका पति गंभीर रूप से जख्मी है। महिला को सड़क पर फेंकने से पहले करीब 2 किलोमीटर तक बोनट पर घसीटा गया। मृतका कावेरी नखवा (45) पति प्रदीप नखवा (50) के साथ क्रॉफर्ड मार्केट से खरीदी गई मछली बेचने के लिए वापस जा रही थी। दंपती वर्ली कोलीवाड़ा इलाके में रहता है।

शिवसेना नेता का बेटा चला रहा था BMW

पुलिस के मुताबिक, जिस गाड़ी से दंपती को टक्कर मारी गई वह पालघर जिले के शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता राजेश शाह की है। उनका 24 वर्षीय बेटा मिहिर शाह अंधी रफ्तार से कार दौड़ा रहा था, जबकि उनका ड्राइवर राजऋषि बिदावत बगल में बैठा था। मिहिर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज हुआ है। आरोपी मिहिर टक्कर के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने राजेश शाह को गिरफ्तार कर लिया और BMW कार जब्त कर ली गई है।

मछली खरीदने के बाद लौट रहे थे दंपती

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वर्ली के कोलिवाड़ा इलाके में रहने वाला  दंपत्ति सुबह 5:30 बजे ससून डॉक से मछली खरीदने गया था। लौटते समय तेज रफ्तार में आ रही एक BMW कार ने दोनों को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पलट गई। इसके बाद दोनों पति-पत्नी कार के बोनट पर जा गिरे। पती पत्नी को टक्कर मारने के बावजूद शिवसेना नेता के बेटे ने कार नहीं रोकी। आरोपी मिहिर के शराब के नशे धुत होने के भी दावे किए जा रहे हैं।

पति ने खुद को बचाया, पत्नी की मौत

टक्कर के बाद पति ने तुरंत खुद को बचाने के लिए बोनट से छलांग लगाई, लेकिन पत्नी उठ नहीं पाई। घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी घटना के बारे में जानकारी मांगी है। मौका-ए-वारदात से अहम सबूत जुटाए हैं। CCTV फुटेज भी खंगाली गई है। आरोपी को गिरफ्तार करने की पूरी कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button