‘10 साल पहले घर छोड़ इंदौर चली गई थी, परिवार नहीं चाहता लाश ग्वालियर लाई जाए’, भावना की दादी का बयान

ग्वालियर। इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र के अंतर्गत महालक्ष्मी नगर में ग्वालियर की रहने वाली भावना सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह ग्वालियर की रहने वाली जरूर थी, लेकिन अपने परिवार से नाता तोड़ लिया था।
जब बहुत छोटी थी, तभी माता-पिता का निधन हो गया था। दादी ने उसे पाला, लेकिन करीब दस साल पहले घर से बिना बताए चली गई थी। इसके बाद से वह ग्वालियर ही नहीं आई। कभी-कभी अपनी दादी को फोन करती थी।
टीवी से मिली खबर, अब कोई संबंध नहीं
अब जब उसकी हत्या की खबर स्वजनों को मिली, तो उनका कहना है- उससे कोई संबंध ही नहीं था। दादी ने तो यहां तक कह दिया कि वह नहीं चाहती उसकी लाश यहां लाई जाए, क्योंकि घर के अन्य सदस्य भी उससे कोई संबंध नहीं रखना चाहते थे।
भावना सिंह ग्वालियर के मुरार स्थित नदीपार टाल के पास की रहने वाली थी। उसकी दादी जमुना देवी से ने बताया कि उनके चार बेटे हैं। भावना सिंह उनकी पोती थी।
भावना के माता-पिता का निधन तभी हो गया था, जब वह चलना भी नहीं सीखी थी। माता-पिता के निधन के बाद दादी ने ही उसकी देखभाल की। उसे पाला। जमुना देवी बताती हैं कि बचपन से उसे पाला था, लेकिन 2015 में वह बिना बताए चली गई।
जब संपर्क हुआ तो कई बार उसे लौटने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं लौटी। इसके बाद उससे संबंध तोड़ लिया। बीच-बीच में फोन करती थी, लेकिन ग्वालियर नहीं आई।
उसकी हत्या कैसे हुई, क्यों हुई, यह कुछ नहीं पता। उन्होंने बताया कि न्यूज चैनल पर उसकी मौत् की खबर चल रही थी। इससे उन्हें पता लगा। उसकी हत्या हो गई, यह दु:ख तो है लेकिन उसने घर से संबंध ही तोड़ लिया था। इसलिए नहीं चाहते कि उसकी लाश भी यहां आए।