100 टन मक्के के ढेर में दबकर सात मजदूरों की मौत, पुलिस ने एक शख्स को किया रेस्क्यू

विजयपुर (कर्नाटक)। कर्नाटक के विजयपुर में एक बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, अलियाबाद औद्योगिक क्षेत्र में एक निजी खाद्य प्रसंस्करण इकाई के गोदाम में एक मशीन ढह जाने से लगभग 100 टन मकई के ढेर के नीचे फंसने से बिहार के सात मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को इस घटना की जानकारी दी है।

सात लोगों की मौत

विजयपुर सोनावणे के पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश भगवान ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, “तीन लोग घायल हो गए, लेकिन वे फंसे नहीं थे। फंसे हुए लोगों में से एक को बचा लिया गया, जबकि सात की मौत हो गई। वे सभी मजदूर हैं।” घटना सोमवार शाम की है।

100 टन मक्के के नीचे दबे मजदूर

पुलिस अधिकारी ने बताया कि तलाश एवं बचाव अभियान के दौरान सात मजदूरों के शव बाहर निकाले गए, जबकि एक व्यक्ति को बचा लिया गया है। एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “मक्के की प्रोसेसिंग करने वाली मशीनों में मक्के से भरे फनल लगे होते हैं, जो बहुत भारी होते हैं। इसके आंशिक रूप से ढह जाने से इसके नीचे काम कर रहे मजदूर फंस गए। ये मजदूर 100 टन मक्के के नीचे फंस गए।”

कई घंटों तक चला बचाव अभियान

खोज एवं बचाव अभियान कल शाम करीब छह बजे शुरू हुआ और मंगलवार सुबह 11 बजे तक चला। हालांकि, मामले में पुलिस ने उचित मामला दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है। इस मामले में लापरवाही करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button

This will close in 20 seconds