युवक की सिरकटी लाश मिलने से सनसनी, मौके पर मिली रस्सी; जांच में जुटी पुलिस

कांकेर : दुर्गूकोंदल इलाके में सोमवार  उस वक्त हड़कंप मच गया, जब हाहालद्दी मंदिर के पीछे झाड़ियों में एक युवक का शव मिला। शव की हालत देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। मृतक का सिर मौके पर नहीं था, जबकि पास ही एक पेड़ से रस्सी लटकी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की। फिलहाल युवक की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक सुबह मंदिर के पीछे जाने पर झाड़ियों के बीच शव दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल दुर्गूकोंदल थाना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी सुनील दुबे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के इलाके की तलाशी लेने के साथ ही घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

शव के पास मिली रस्सी, मामला हुआ संदिग्ध

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास एक पेड़ से रस्सी लटकी हुई मिली। दूसरी ओर शव का सिर गायब होने की वजह से कई सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि रस्सी और युवक की मौत के बीच कोई सीधा संबंध है। पुलिस ने सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।

चप्पल और कपड़ों से सामने आई पहचान

पुलिस ने शव के आसपास मिले सामान और मृतक के कपड़ों की जांच की। चप्पल, टी-शर्ट समेत अन्य पहचान संबंधी जानकारी के आधार पर मृतक की पहचान सुकुमार किस्कु, पिता लखु, निवासी सीबीपुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक सुकुमार रोजगार के सिलसिले में कांकेर आया था। वह हाहालद्दी मंदिर के पास संचालित सागर स्टोन माइंस में सर्वेयर के तौर पर काम कर रहा था। माइंस से जुड़े लोगों ने भी शव की पहचान सुकुमार के रूप में की है।

सिर की तलाश में जुटी पुलिस

शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। फिलहाल मृतक का सिर बरामद नहीं हुआ है। पुलिस आसपास के जंगल और झाड़ियों में सर्च कर रही है, ताकि घटना से जुड़े किसी अहम सुराग का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds