सात्विकसाईराज और चिराग शेट्टी ने रचा इतिहास, पुरुष युगल में विश्व की नंबर एक जोड़ी बनी

नई दिल्ली : स्टार खिलाड़ी सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की बैडमिंटन जोड़ी मंगलवार (10 अक्तूबर) को पुरुष युगल में विश्व की नंबर एक जोड़ी बन गई। यह उपलब्धि हासिल करने वाली यह भारत की नंबर एक जोड़ी भी बन गई। इस जोड़ी ने हाल ही में समाप्त हुए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर यह उपलब्धि हासिल की।

सात्विक और चिराग को बीडब्ल्यूएफ विश्व रैंकिंग में दो स्थान का फायदा हुआ। दोनों खिलाड़ी पूर्व विश्व नंबर एक रहे प्रकाश पादुकोण, साइना नेहवाल और किदांबी श्रीकांत की सूची में शामिल हो गए। इस भारतीय जोड़ी के 92,411 अंक हो गए। सात्विक और चिराग की जोड़ी शानदार फॉर्म में चल रही है। उन्होंने पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने इस साल का अपना पहला खिताब मार्च में स्विस ओपन के रूप में जीता था।

इसके अलावा उन्होंने जून में इंडोनेशिया ओपन का खिताब अपने नाम किया था। वहीं, पीवी सिंधू दो पायदान के फायदे से महिला एकल में 13वें स्थान पर पहुंच गईं। वहीं, एचएस प्रणय पुरुष एकल में एक स्थान के नुकसान से आठवें स्थान पर खिसक गए। वहीं, लक्ष्य सेन भी पुरुष एकल रैंकिंग में एक पायदान के नुकसान के साथ 15वें स्थान पर आ गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds