Site icon khabriram

रूस-यूक्रेन युद्ध, इजरायल हमास संघर्ष, और… उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा 2023, अभी भी चल रही जंग

कीव/तेल अवीव/प्योंगयांग: साल 2023 खत्म होने वाला है और 2024 का नई उम्मीदों के साथ हम इंतजार कर रहे हैं। साल 2023 का भी कुछ इसी तरह हमने स्वागत किया था। दुनिया को तब कई चीजों को लेकर उम्मीद थी। लेकिन संघर्षों वाली दुनिया को सबसे ज्यादा शांति की उम्मीद थी। माना जा रहा था कि साल 2023 में दुनिया के कई तनाव खत्म हो जाएंगे। लेकिन यह साल हमारी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। इस लेख में हम उन संघर्षों के बारे में जानेंगे, जिनके खत्म होने की उम्मीद थी, लेकिन वह अभी भी चल रहे हैं।

1- रूस-यूक्रेन युद्ध

रूस के खिलाफ युद्ध में वर्ष 2023 की शुरुआत यूक्रेन के सुरक्षा बलों के लिए उम्मीदों से भरी थी, लेकिन साल का अंत आते-आते यूक्रेन के युद्ध संबंधी प्रयासों के लिए पश्चिम देशों से मिलने वाली मदद के भविष्य को लेकर सैनिकों में बढ़ती चिंता और निराशा का असर जंग के मैदान में भी दिखने लगा। साल के मध्य में रूस में एक अल्पकालिक विद्रोह की घटना हुई, यूक्रेन में एक बांध ढह गया और संघर्ष में दोनों पक्षों को बहुत खून बहाना पड़ा। आक्रमण के 22 महीने बाद रूस ने यूक्रेन का लगभग पांचवां हिस्सा अपने कब्जे में ले लिया है। युद्ध भूमि से एक संकट सामने आया है। अपने बड़े प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ यूक्रेन के संघर्ष का समर्थन करने वाले पश्चिम देशों में अरबों डॉलर की वित्तीय सहायता पर राजनीतिक विचार-विमर्श तेज होने से स्थिति तनावपूर्ण हो रहा है। अमेरिका में अगले साल नवंबर के चुनाव के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक दृष्टिकोण तेजी से राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के पक्ष में बदलने की संभावना है जो कि यूक्रेन का अब तक का सबसे बड़ा सैन्य आपूर्तिकर्ता रहा है और देश में कुछ रिपब्लिकन उम्मीदवार यूक्रेन के युद्ध के लिए समर्थन देना बंद करने पर जोर दे रहे हैं।

2- इजरायल-हमास का युद्ध

इजरायल हमास का युद्ध साल 2023 के अंत में शुरु हुआ। 7 अक्टूबर को इजरायल पर हमास ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में हमास के आतंकी बॉर्डर तोड़कर इजरायल में घुस गए। इतना ही नहीं पैराग्लाइडर के जरिए आतंकी सीमा के करीब उतरे और आम लोगों पर गोली बरसाना शुरू कर दिया। हमास ने आतंकी हमले के दौरान 240 लोगों को बंधक बना लिया। इसके बाद इजरायल ने जवाबी हमला शुरू कर दिया। उत्तरी गाजा में इजरायल ने बमबारी शुरू कर दी। हालांकि हमला करके हमास सुरंगों में छिप गया, जिस कारण आतंकी से ज्यादा आम लोगों की मौत हुई। हमास के मुताबिक गाजा में अब तक 20 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है।

3- उत्तर कोरिया और अमेरिका का तनाव

उत्तर कोरिया के सुप्रीम लीडर किम जोंग उन लगातार अमेरिका और दुनिया को धमकी दे रहे हैं। उत्तर कोरिया ने इस साल कई मिसाइलों का टेस्ट किया। माना जा रहा था कि उत्तर कोरिया इस साल अपनी धमकियां बंद कर देगा और दुनिया शांति की तरफ बढ़ेगी। लेकिन ऐसा नहीं हो सका। साल के आखिरी दिनों में भी किम जोंग ने धमकी भरा रवैया ही अपनाया। 21 दिसंबर को उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने अंतरमहाद्वीपीय बैलेस्टिक मिसाइल परीक्षण में शामिल सैनिकों की प्रशंसा की और कहा कि देश की यह नीति है कि दुश्मन देशों की ओर से उकसाए जाने पर परमाणु हमला करने में हिचकिचाया नहीं जाएगा। उत्तर कोरिया में पिछले वर्ष से परमाणु हथियारों के परीक्षण में तेजी आई है और देश के नेता किम जोंग उन कई बार परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करने की धमकी दे चुके हैं।

Exit mobile version